मुंबई लौटते आलिया ने लेकव्यू कैफे में किया लंच

भाया बिलासपुर के होटल का खाना, सजेशन बुक में लिखा नाइस फूड

बिलासपुर-मनाली में बालीवुड फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग खत्म करने के बाद मायानगरी मुंबई लौटते वक्त अभिनेत्री आलिया भट्ट ने शुक्रवार को भाखड़ा विस्थापित शहर बिलासपुर में दोपहर का भोजन किया। साथ ही गोबिंदसागर लेक को निहारा भी। आलिया भट्ट ने टूरिज्म के होटल लेकव्यू कैफे में अपनी टीम के सदस्यों के साथ लंच किया और तकरीबन आधा घंटे तक होटल में विश्राम के बाद सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गईं। इस मौके पर होटल प्रबंधक व स्टाफ के साथ आलिया ने फोटो भी खिंचवाए। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हरे रंग की स्वेटर पहने आलिया को देखकर होटल में मौजूद स्टाफ व लोग हैरान रह गए। आलिया व उनकी टीम ने होटल खाना  खाया। खाने में आलिया भट्ट ने भिंडी, चिकन मसाला, जीरा आलू, मिक्स वैज व दाल फ्राई ऑर्डर की। आलिया को होटल का खाना इतना पसंद आया कि उन्होंने वहां रखी सजेशन बुक में नाइस फूड लिखकर खाने की प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने होटल की गैलरी से गोबिंदसागर झील की खूबसूरती का अवलोकन किया और झील की भूरि-भूरि प्रशंसा की।