रानी झांसी रोड इलाके में 4 मंजिला इमारत में आग, 43 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

By: Dec 8th, 2019 4:20 pm

नई दिल्ली – दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में रविवार सुबह आग ने भीषण तांडव मचाया है। चार मंजिला इमारत में लगी आग में जलकर और धुएं में दम घुटने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक 43 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। दर्जनों लोगों को लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल, हिंदू राव और राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची 30 दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। राहत अभियान अभी भी जारी है। आग सुबह करीब 5 बजे लगी। उस समय मकान में अधिकतर लोग सो रहे थे। बाताया जा रहा है कि इस इमारत में छोटी-छोटी फैक्ट्रियां चलती थीं, जिनमें पैकेजिंग और प्लास्टिक बैग आदि बनाने का काम होता था। यहां काम करने वाले कई लोग रात को सोते भी यहीं थे। कई मजदूर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बताए गए हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की जानकारी सुबह 5 बजकर 22 मिनट पर मिली। तुरंत दमकल की 30 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि मकान में फंसे कई लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, कई लोगों ने आग में झुलसकर दम तोड़ दिया तो कइयों का धुएं में दम घुट गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App