विदेशियों को भाए हिमाचली सिंगर

By: Dec 26th, 2019 12:06 am

सुनील सूफी की आवाज सुन दूर भगा रहे तनाव

कांगड़ा – सूफी गायन के जरिए हिमाचल की आवाज का सितारा ख्याति पा रहा है, तो संगीत के शौकीन विदेशियों ने भी इसे सिर आंखों पर बिठाया है। प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ के मंच हिमाचल की आवाज में चार बार फाइनलिस्ट रहे सुनील शर्मा सूफी गायन के बूते जहां हिमाचली बच्चों को तालीम दे रहे हैं, तो वहीं विदेशियों को भी उन्होंने अपनी तरफ आकर्षित किया है। यही कारण है कि वह त्रिमूर्ति म्यूजिकल कालेज में सूफी गायन के जरिए विदेशियों की मेडिटेशन क्लास लेते हैं। प्रदेश के लोगों को नुसरत और वडाली ब्रदर्स वाला टेस्ट देने वाले सुनील शर्मा ने चंद वर्षों में अपनी बुलंद आवाज के जरिए हिमाचली संगीत की दुनिया में एक अलग स्थान पाया है। माता बजरेश्वरी देवी के मंदिर में मकर संक्रांति पर जागरण हो या बैजनाथ में शिवरात्रि मेला, सुनील सूफी की  महफिल के बिना अधूरे हैं। महाप्रभु राम लाल संगीत महाविद्यालय से शास्त्रीय संगीत में एमए एमफिल करने वाले सुनील शर्मा ने अपने गुरु डा. कृष्णकांत झा से गायन के गुर हासिल किए हैं। 25 मई, 1984 को देशराज व श्रीमती कमला देवी के घर कांगड़ा के वीरता में जन्म लेने वाले सुनील की शादी, 2014 में हुई है।

कनाडा में कुलदीप शर्मा की नाटी ‘नाचो रे…’ की धूम

डैहर – हिमाचली संस्कृति व गीत-संगीत का इस कद्र पूरे विश्व के देशों के लोगों में दीवानापन व पसंद किया जा रहा है कि विदेशों में हिमाचल प्रदेश के गानों व संगीत पर जमकर नाटी डाली जा रही है। हिमाचल प्रदेश के गीत संगीत व संस्कृति का पूरे विश्व मे डंका बज रहा है। हिमाचली संगीत व लोकगीतों पर विदेशी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाते है, जिसके वीडियो आए दिन सोशल मीडिया वायरल होते है। हिमाचल प्रदेश की नाटियों, लोकगीतों, संस्कृति को एक अलग पहचान दिलवाने वाले लोकगायक नाटी किंग कुलदीप शर्मा की नाटी धमाका 2018 एलबम की नाटी नाचो नाचो नाचो रे पर कनाडा में आयोजित एक पार्टी के दौरान विभिन्न देशों के लोगों जमकर डांस किया जा रहा है। इस वीडियो में एक भारतीय मूल का युवक हिमाचली टोपी में नाटी डाल रहा है और अन्य देशों की महिलाएं व पुरुष उन डांस स्टेप्स को फॉलो करते हुए आनंद में नाटी डाल रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें हिमाचली लोकगीत व संस्कृति की जमकर तारीफ  भी की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App