सड़क तैयार कामगारों को पैसों का इंतजार

By: Dec 13th, 2019 12:20 am

सैंज – विकास खंड वंजार के अंतर्गत आने वाली चकुरठा पंचायत की खराल -अरखली सड़क विवादों में घिर गई है और अपने ही विभाग के खिलाफ  स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि ने मोर्चा खोल दिया है। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व उक्त सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता के लिए समर्पित किया गया है। लेकिन उक्त सड़क में दिन-रात कार्य करने वाले मजदूरों को उनकी मजदूरी नहीं मिल पा रही है । जिस कारण पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने ही विभाग के  खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है। हैरानी वाली बात यह है कि कामगारों की पेमेंट की अदायगी ना होने के कारण स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया है कि वे पिछले एक महीने से  पेमेंट अदायगी की मांग कर रहे हैं ,लेकिन पंचायती राज विभाग उनकी मांगों पर कोई भी गौर नहीं कर रहा है। जिस कारण अब उन्हें मजदूरों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि करीब एक महीने पूर्व बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने उक्त सड़क का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया था।  लेकिन एक माह बीत जाने के बावजूद उक्त सड़क में खून पसीना बहाने वाले कामगारों को मजदूरी ना मिलने के कारण कामगारों व पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास खंड बंजार की लापरवाही पर कई सवाल खड़े किए हैं। चकुरठा पंचायत के उपप्रधान बलबीर ठाकुर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उक्त सड़क के लिए बंजार के विधायक ने बजट का प्रावधान किया है। बावजूद इसके पंचायती राज विभाग सभी दस्तावेज जमा करने के उपरांत भी पेमेंट देने में आनाकानी कर रहा है, जिस कारण उन्हें मजदूरों का गुस्सा झेलना पड़ रहा है। बलवीर ठाकुर ने बताया कि कर्मचारियों की आनाकानी को देखते हुए उन्होंने बीईडीओ बंजार को लिखित शिकायत भेज दी है, जिसमें उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।  उन्होंने बताया कि अगर  विभाग एक सप्ताह के भीतर उक्त सड़क की पेमेंट पंचायत को नहीं सौंप देती है तो मजबूरन कामगारों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों भी विकासखंड वंजार का घेराव  करेंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी पंचायती राज विभाग की  होगी। बहरहाल चकुरठा पंचायत के प्रतिनिधियों ने अपने ही विभाग के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है और कामगारों की पेमेंट न होने के लिए पंचायती राज विभाग बंजार को जिम्मेदार ठहराया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App