सब सोते रहे…लपटें सांसें घोंटती रहीं

By: Dec 9th, 2019 12:07 am

आग के आंसू

दिल्ली में लोगों के रविवार की काली सुबह की शुरुआत अनाज मंडी में भीषण आग और उसमें 43 लोगों के मारे जाने की खबर से हुई। इनमें से अधिकतर मजदूर थे, जो इमारत में चल रही छोटी-छोटी फैक्टरियों में काम करते थे। कोई स्कूली बैग बनाता था, तो कोई पैकेजिंग का काम करता था। शनिवार को भी मजदूरों ने दिनभर काम के बाद बिस्तर पकड़ा, पर इनमें से अधिकतर फिर सुबह नहीं देख पाए…

दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में लगी भीषण आग में 43 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के मुताबिक, अधिकतर मजदूर बिहार और उत्तर प्रदेश के थे। इमारत में काम करने वाले अधिकतर मजदूर रात को यहीं सोते भी थे। एक-एक कमरे में 10-15 लोग रहते थे। ये दिनभर यहां काम करते थे और शाम को जिसे जहां जगह मिली रात काट लेता था। रोजी-रोटी की तलाश में अपना घरबार छोड़कर दिल्ली आए ये लोग संकरी गली में मौजूद इस मकान में बेहद खराब स्थिति में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि रिहाइशी इलाके में ये फैक्टरियां अवैध तरीके से चल रही थीं। इसके लिए तमान नियम-कानून को दरकिनार किया गया था। आग बुझाने के दौरान मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि अग्निश्मन विभाग से भी एनओसी नहीं ली गई थी।

बिहार के एक ही गांव के 30 लोग हताहत

दिल्ली के भीषण अग्निकांड से राजधानी समेत देश के कई हिस्सों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस हादसे में सबसे ज्यादा प्रभावितों संख्या बिहार के समस्तीपुर के एक गांव की है। दिल्ली अनाज मंडी आग हादसे में प्रभावितों में से समस्तीपुर के हरपुर गांव के 30 लोग शामिल हैं। हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि इन प्रभावितों में कितने लोग घायल हैं और कितने लोगों की मौत हुई है।

अपनों के लिए भटक रहे यहां से वहां

अनाज मंडी से निकाले गए लोगों को कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों को एलएनजेपी, आरएमएल, लेडी हार्डिंग, सफदरजंग, हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोग अपनों की तलाश में इस अस्पताल से उस अस्पताल भाग रहे हैं। अस्पतालों में बड़ी संख्या में पीडि़तों के रिश्तेदार पहुंच रहे हैं। इनमें अधिकतर लोग बिहार और यूपी के हैं।

याद आया उपहार सिनेमा कांड

अनाज मंडी में आग की खबर से बरबस ही उपहार सिनेमा कांड की याद आ गई। 13 जून, 1997 को दक्षिण दिल्ली के उपहार सिनेमा में बॉर्डर फिल्म देखने पहुंचे बहुत से लोगों के जीवन का अंतिम दिन साबित हुआ था। दरअसल शो के दौरान सिनेमाघर के ट्रांसफॉर्मर कक्ष में आग लग गई जो तेजी से अन्य हिस्सों में फैल गई। आग की वजह से 59 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें महिलाएं और बच्चे भी थे। घटना की जांच के दौरान पता चला था कि सिनेमाघर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे।

बाहर से लॉक था लोहे का दरवाजा

घटना के बारे में फायर सेफ्टी अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को बचाया गया, उनमें ज्यादातर बेहोशी की हालत में थे, कुछ जख्मी भी थे। 500-600 गज के फ्लोर एरिया में यह फैक्टरी चल रही थी, जिसमें ग्राउंड से ऊपर चार मंजिल बनी थी। इसमें कई तरह की फैक्टरियां चलती थीं। बिल्डिंग में स्कूल बैग बनाने और पैकिंग का काम होता था। फायर सेफ्टी अधिकारी ने कहा कि जब हम पहुंचे तो देखा बिल्डिंग बाहर से लॉक थी, लोहे का दरवाजा था। अंदर से लोग चिल्ला रहे थे, बचाओ-बचाओ। हम लोगों ने गेट तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। वहां से लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इस बड़ी बिल्डिंग में सीढ़ी एक ही थी। अधिकारी ने कहा कि हम दरवाजा तोड़कर अंदर गए। वहां जहरीला धुआं काफी भरा हुआ था।

नम हुई हर आंख

दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित अनाज मंडी में लगी आग बेहद भयावह है। अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं संवेदना जाहिर करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना कर रहा हूं। अथॉरिटी घटनास्थल पर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है      नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

आग लगने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित परिवारों के साथ है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं रामनाथ कोविंद, राष्ट्रपति नई दिल्ली में आग लगने की घटना में अनमोल जानों की क्षति हुई है। अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं गहरी संवेदना जाहिर करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं    अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री

दिल्ली में भीषण आग लगने से कई लोगों मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं राहुल गांधी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मेरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। हादसे से प्रभावित ज्यादातर लोगों को बचा लिया जाएगा           

  सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष

आग लगने की खबर काफी परेशान करने वाली है। मृतकों के परिवार और प्रियजनों साथ मेरी शोक संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं

            प्रियंका गांधी वढेरा, कांग्रेस       की वरिष्ठ नेता 

मैं किसी राजनीति में पड़ना नहीं चाहता, लेकिन घटना की जांच जरूरी है। किसी को तो जिम्मेदारी लेनी होगी। यह एक दुखद घटना है

            गौतम गंभीर, बीजेपी सांसद

मुझे पता चला कि मेरे संसदीय क्षेत्र चांदनी चौक की अनाज मंडी में आग लगने से कई लोगों की मौत हुई है। इस घटना से मैं अत्यंत दुखी व व्यथित हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं उनके परिजनों को संबल प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं      हर्षवर्द्धन, केंद्रीय मंत्री 

आग लगने से कई लोगों की मृत्यु हृदय विदारक घटना। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दे। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना एवं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना। बचाव कार्य तेज करते हुए पीडि़तों को उचित मुआवजा, उपचार सेवा सुनिश्चित करे सरकार              समाजवादी पार्टी


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App