सुधेड़ से डंपिंग साइट नहीं बदली, तो करेंगे चक्का जाम

By: Dec 3rd, 2019 12:26 am

महिला मंडल सहित ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप दी चेतावनी

धर्मशाला-नगर निगम धर्मशाला के कूड़े कचरे को इकट्ठा कर सुधेड़ में डंपिंग साइट पर फेंकने से फैली बदबू से गुस्साए ग्रामीण फिर सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। महिला मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति को ज्ञापन सौंप कर चक्का जाम करने की चेतावनी दी है।  ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरकार व प्रशासन सहित निगम की लापरवाही से सुधेड़ क्षेत्र के लोगों सहित इस रास्ते से आने जाने वाले लोगों को यहां अकसर फैलने वाली बदबू और बीमारियांं फैलने का भय बना रहता है। कई बार मामले को सरकार व प्रशासन के समक्ष उठाने के बावजूद इसका हल नहीं निकल पाया है। ऐसे में अब क्षेत्र के लोग सड़क पर उतर कर चक्का करने को मजबूर होने लगे हैं। सरकार व प्रशासन ने इसका हल निकालने के लिए कोई उचित निर्णय नहीं लिया, तो उन्हें मजबूरी में चक्का जाम जैसे कड़े निर्णय लेने पड़ेंगे। डंपिंग साइड की समस्या को लेकर सोमवार को बागेस्वरी महिला मंडल का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। उन्होंने मांग पत्र सौंप कर नगर निगम की डंपिंग साइड को बंद करने को आवाज बुलंद की है। सुधेड़ महिला मंडल की प्रधान सुनीता ठाकुर ने कहा कि डंपिंग साइड से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निगम की डंपिंग साइड से हो रही परेशानियों के चलते जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जिला प्रशासन एक माह के अंदर डंपिंग साइड में कचरा फेंकना बंद नहीं करता है, तो गांव की समस्त महिलाएं छह जनवरी को धर्मशाला में चक्का जाम करेंगी, जिसकी जिमेदारी जिला प्रशासन और नगर निगम धर्मशाला की होगी। उधर, उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति का कहना है कि शहर से दूर डंपिंग साइट बने और धर्मशाला के साथ साथ नगरोटा और कांगड़ा शहरी  क्षेत्रों के कूड़ू का भी निस्तरारण एक स्थान पर हो सके, इस दिशा में प्रयास चल रहे हैं, एक दो स्थानों पर जमीन देखी गई है। इस दिशा में काम को तेजी लाने के लिए नगर निगम को भी कहा जाएगा। जिससे सुधेड़ के लागों की समस्या का समाधान किया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App