सोना 315 रुपए टूटा, चांदी भी लुढ़की

By: Dec 6th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली। ऊंचे भाव पर ग्राहकी कमजोर पड़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 315 रुपए टूटकर 39,480 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। चांदी भी 950 रुपए की गिरावट में 45,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। स्थानीय बाजार में बुधवार को दोनों कीमती धातुओं के दाम एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। इससे गुरुवार को इनकी मांग कमजोर रही। विदेशों में पीली धातु में रही गिरावट ने भी स्थानीय बाजार में सोने पर दबाव बनाया। लंदन एवं न्यूयार्क से मिली जानकारी के अनुसार, वहां सोना हाजिर 0.80 डालर की गिरावट में 1,474.45 डालर प्रति औंस रह गया। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा भी 0.20 डालर फिसलकर 1,480 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीका और चीन के बीच व्यापार युद्ध के संबंध में प्रस्तावित समझौते को लेकर विरोधाभासी संकेत मिल रहे हैं। इस कारण निवेशक असमंजस की स्थिति में हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर बुधवार को के 16.83 डालर प्रति औंस पर स्थिर रही। स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 315 रुपए टूटकर 39,480 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट में 39,310 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,300 रुपए के भाव पर टिकी रही। औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी हाजिर 950 रुपए की गिरावट में 45,450 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव रह गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App