हिमल-अकीरा ने बढ़ाई गोपालपुर चिडि़याघर की शान

By: Dec 15th, 2019 12:20 am

वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने एशियाई शेरों के जोड़े को बाड़े में छोड़ा, वन्य प्राणी विंग कर्मचारियों-अधिकारियों को शाबाशी

धर्मशाला – वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने शनिवार के दिन धौलाधार प्रकृति उद्यान (चिडि़याघर) गोपालपुर में हिमल और अकीरा नामक एशियाई शेरों के जोडे़ को आम जनता के समक्ष प्रदर्शन के लिए बाडे़ में छोड़ा। उन्होंने कहा कि शेरों का जोड़ा यहां आने वाले लोगों व बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण होगा और इससे उन्हें प्रकृति संरक्षण की भी प्रेरणा मिलेगी। वन मंत्री ने इस अवसर पर चिडि़याघर के बेहतर रखरखाव के लिए वन्य प्राणी विंग की सराहना की और कर्मचारियों व अधिकारियों को वन्य प्राणियों के संरक्षण का आह्वान किया और अच्छा काम करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। यह शेरों का जोड़ा गुजरात के शक्कूरबाग चिडि़याघर से वन्य प्राणी आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत गोपालपुर में नौ नवंबर को लाया गया था और आवश्यक संगरोध अवधि के बाद अब इसे आम जनता के लिए समर्पित किया जा रहा है। नर शेर हिमल की आयु नौ वर्ष और मादा शेर अकीरा की आयु पांच वर्ष के करीब है। बब्बर शेर भारत वर्ष में गुजरात के जूनागढ़ और अमरोली जिलों में ही प्राकृतिक तौर पर पाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त हरियाणा के भिवानी चिडि़याघर से भी दो चिंकारा प्रजाति के हिरण गोपालपुर चिडि़याघर में लाए गए हैं और इन्हें भी शनिवार के दिन ही वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने जनता के लिए समर्पित किया। नर चिंकारा पवन व मादा चिंकारा वर्षा की आयु तीन-तीन वर्ष है। इन दोनों प्रजातियों के वन्य प्राणियों के आने से गोपालपुर चिडि़याघर में रौनक बढ़ गई हैं। इस अवसर पर देहरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक होशियार सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन हिमाचल प्रदेश राम सुभाग सिंह, प्रधान मुख्य अरण्यपाल (हौफ) अजय कुमार, प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी डा. सविता तथा अरण्यपाल धर्मशाला देवराज कौशल भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App