हिमाचली बेटियां नेपाल में दम दिखाने को तैयार

By: Dec 2nd, 2019 12:05 am

भारतीय हैंडबाल महिला टीम में मोरसिंघी की छह खिलाड़ी चयनित, काठमांडू में चैंपियनशिप शुरू

घुमारवीं नेपाल के काठमांडू में रविवार से शुरू हुईं 13वीं साउथ एशियन गेम्स की हैंडबॉल स्पर्धा में हिमाचली बेटियां भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। 16 सदस्यीय भारतीय महिला टीम में मोरसिंघी की छह खिलाडि़यों का चयन हुआ है, जिनमें निधि शर्मा, दीक्षा ठाकुर, मेनिका पाल, प्रियंका ठाकुर, दीप शिखा व शालिनी ठाकुर शामिल हैं। खास बात यह है कि भारतीय टीम में प्रियंका व शालिनी दो सगी हैं। भारतीय टीम में इन महिला खिलाडि़यों का चयन नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शानदार खेल के प्रदर्शन की बदौलत हुआ है। इसकी पुष्टि मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की संचालिका कोच स्नेहलता ने दी। स्नेहलता ने बताया कि इसकी सूची भारतीय हैंडबॉल संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडे ने जारी की है। बता दें कि काठमांडू में 13वीं साउथ एशियन गेम्स पहली से दस दिसंबर तक चलेंगी। शिविर में हैंडबाल फेडरेशन ऑफ  इंडिया एवं नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला के चीफ कोच मोहिंदर पाल, हैंडबाल कोच सचिन चौधरी व सोना दुबे से खिलाडि़यों को खेल की बारीकियां सिखाईं। मोरसिंघी की छह खिलाडि़यों के चयन पर जगदीश ठाकुर, आईआर शर्मा, बीआर शर्मा, शहजाद, बाबूराम, बीडी शर्मा, राहुल चौहान, पवन कुमार सहित मोरसिंघी हैंडबॉल नर्सरी की खिलाडि़यों ने हैंडबॉल संघ के राज्य अध्यक्ष भरत साहनी, महासचिव नंद किशोर शर्मा व कोषाध्यक्ष आशीष ढिल्लों को खिलाडि़यों के भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी है।

मोरसिंघी के प्लेयर्ज की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धमक

निधि शर्मा, दीक्षा ठाकुर व प्रियंका ठाकुर पिछले साल अगस्त में जकार्ता के इंडोनेशिया में हुई एशियन गेम्ज में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। प्रियंका ठाकुर हाल ही लखनऊ में हुई सब जूनियर एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कप्तान रह चुकी हैं। शालिनी ठाकुर तथा दीपशिखा एशियन गेम्ज के प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। मेनिका पाल जूनियर भारतीय महिला टीम की कप्तान रह चुकी हैं। मेनिका की कप्तानी में टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।  


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App