हिमाचल में 11 दिसंबर से फिर बारिश-बर्फबारी

By: Dec 6th, 2019 12:03 am

शिमला-हिमाचल प्रदेश में अगले सप्ताह के दौरान मौसम फिर से करवट लेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 11 दिसंबर से बारिश व बर्फबारी होगी। विभाग के पूर्वानुमान के तहत अगामी सप्ताह के दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि विभाग द्वारा राज्य में 10 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई गई है। राज्य में गुरुवार को मौसम साफ बना रहा। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्र्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। नाहन के पारे में सबसे ज्यादा दो डिग्री का उछाल आया है। शिमला को छोड़कर शेष हिमाचल के पारे में एक डिग्री तक का इजाफा हुआ है। शिमला के पारे में बुधवार के मुकाबले एक डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में साथ न्यूनतम तापमान में भी हल्का उछाल आंका गया है। हालांकि अभी भी राज्य के केलांग व मनाली का पारा माइनस में चल रहा है। इस दौरान कल्पा का तापमान में शून्य डिग्री में रिकार्ड किया गया है। इसके चलते यहां अभी भी सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उधर, शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में उछाल आने से लोगों को सुबह-शाम पड़ रही प्रचंड ठंड से कुछ हद की राहत मिली है। ऐसे में आगामी दिनों के दौरान मौसम में करवट आने से जनता को फिर से शीतलहर की मार झेलनी पड़ सकती है। वहीं, मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 10 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 11 दिसंबर को समूचे राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान पहाड़ों पर फिर से बर्फबारी व मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ बारिश होगी। ऐसे में यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान स्टीक बैठा लोगों की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं।

 कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    16.4       6.2

सुंदरनगर  22.2       1.0

भुंतर       21.4       0.8

कल्पा     7.4        0.0

धर्मशाला   15.8       6.8

ऊना       24.8       5.7

सोलन     21.7       —

नाहन      20.0       12.8

केलांग     —        -8.7

कांगड़ा    22.3       5.2

बिलासपुर 22.5       6.5

हमीरपुर    22.4       6.2

चंबा       —        3.2

डलहौजी  —        7.7


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App