2.5 करोड़ की हेरोइन पकड़ी

By: Dec 7th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान काबू किए दो नाइजीरियन, मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई

चंडीगढ़ –चंडीगढ़ की थाना 39 पुलिस ने दो नाइजीरियन पकडे़ हैं, जिनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है। इस हेरोइन की कीमत 2.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक थाना 39 पुलिस ने दोनों आरोपी नाइजीरियन को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए नाइजीरियन की पहचान दिल्ली के रहने वाले 31 साल के ओबिबुलू और 38 साल के आजूका के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नाइजीरियन को जिला अदालत में पेश किया जा चुका है, अदालत ने दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस का कहना है कि वह रिमांड के दौरान दोनों नाइजीरियन से पूछताछ करेगी कि आखिरकार इतनी भारी मात्रा में हेरोइन वह कहां से लेकर आए थे और ट्राइसिटी में किस-किस जगह सप्लाई करने वाले थे। पुलिस कड़ाई के साथ दोनों नाइजीरियन से पूछताछ कर मामले की गहनता के साथ जांच करेगी। बता दें किए शुक्रवार को पुलिस ने सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में पकड़े गए दोनों नाइजीरियन को लेकर एक प्रेस कान्फ्रेंस रखी थी। इस दौरान एसपी सिटी विनीत कुमार ने बताया कि यूटी पुलिस ने नशे की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चला रखा है। वहीं, गुरुवार की शाम करीब 4ः30 बजे थाना 39 पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह की सुपर विजन में एरिया में पेट्रोलिंग कर रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार जब अपनी टीम के साथ सेक्टर-38 ए एंड बी टर्न के पास पहुंचे, तो उन्हें एक नाइजीरियन युवक पैदल जाते हुए दिखा। इस दौरान नाइजीरियन ओबीबुल्लू की जेब में से पोलिथीन में 207 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नाइजीरियन के खिलाफ  मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वही, थाना 39 पुलिस की एक दूसरी टीम सब इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह के साथ गुरुवार की शाम करीब 5ः00 एरिया में पेट्रोलिंग पर थी। पेट्रोलिंग के दौरान जब पुलिस सेक्टर-39 सी एंड डी टर्न के पास पहुंची, तो पुलिस को देखकर एक नाइजीरियन पीछे की तरफ  मुड़ गया। जब पुलिस ने नाइजीरियन को रोक कर पूछताछ की, तो पुलिस को उसके कब्जे से 211 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी पैरवी शुरू कर दी है। पकड़े गए दोनों आरोपी नाइजीरियन अप्रैल 2019 से दिल्ली में रह रहे थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App