जो काम दुश्मन नहीं कर पाए, मोदी जी कर रहे हैं : राहुल

By: Dec 23rd, 2019 8:28 pm

नई दिल्ली – दिल्ली के राजघाट पर नागरिकता कानून के खिलाफ कांग्रेस के धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं जनता की आवाज है और सरकार उस आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘आप (पीएम मोदी) जो कर रहे हैं, भारत माता उसका जवाब देंगी।’ गौरतलब है कि इस ‘सत्याग्रह’ धरने में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राहुल ने कहा कि जो काम दुश्मन नहीं कर पाए वह काम मोदी कर रहे हैं। राहुल गांधी ने सत्याग्रह धरने के लिए आए लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘देश एक आवाज होती है। आज जो हमने प्रस्तावना पढ़ी, वह जनता की आवाज थी। उसी आवाज ने अंग्रेजों को भगाया। उसी आवाज ने हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को खड़ा किया। करोड़ों युवाओं को रोजगार दिया। उस आवाज के बिना हिंदुस्तान नहीं रहेगा। हमारे दुश्मनों ने पूरी कोशिश की कि इस आवाज को दबाया जाए। देश के दुश्मनों ने पूरी कोशिश की कि देश की उन्नति को तोड़ा जाए। उन्होंने अर्थव्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश की और युवाओं ने दुश्मनों को रोका।’

‘कांग्रेस पार्टी देश की आवाज’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘अजीब बात है जो काम देश के दुश्मन नहीं कर पाए वह काम नरेंद्र मोदी पूरा दम लगाकर कर रहे हैं। मोदी जी जूडिशरी पर दबाव डालते हैं तो देश की आवाज को दबाते हैं। आप लोगों पर लाठी और गोली चलवाते हैं तो देश की आवाज को शांत करते हैं तो देश की आवाज दबाते हैं। जब आप हिंदुस्तान के युवाओं से रोजगार छीनते हो, नोटबंदी करते हो तो देश की आवाज दबाते हो। आप कांग्रेस नहीं लड़ रहे हैं, यह कांग्रेस पार्टी नहीं देश की आवाज है औरआप देश की आवाज के खिलाफ हैं।’

‘कपड़ों से मोदी जी को पहचानता है देश’
राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको और आपके मित्र अमित शाह को बताना चाहता हूं कि यह आवाज कांग्रेस की नहीं बल्कि भारत माता की आवाज है। आप यह बात मत भूलिए कि अगर आप भारत माता की आवाज के सामने खड़े रहेंगे तो भारत माता आपको जबर्दस्त जवाब देने वाली हैं। जहां तक कपड़ों की बात है मोदी जी, पूरा देश आपको आपके कपड़ों से पहचानता है। दो करोड़ का सूट जनता ने नहीं आपने पहना था। आप देश को जवाब दीजिए कि आपने देश की अर्थव्यवस्था को क्यों नष्ट किया। आप बताइए कि 9 प्रतिशत विकास दर को 4 प्रतिशत कैसे कर दिया। आप रोजगार नहीं दे पाए। इसीलिए आप नफरत के पीछे छिप रहे हैं, इसीलिए देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।’ नोटबंदी की बात करते हुए राहुल ने कहा, ‘बाहर आइए और छोटे दुकानदारों को बताइए कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था के साथ क्या किया। आप सिर्फ एक काम कर सकते हैं जो कि आपके संगठन ने सिखाया है। हिंदुस्तान को आप बांट सकते हैं। यही आपको सिखाया गया है और इसमें नंबर वन हैं। यह भारत माता की आवाज आपको देश पर आक्रमण नहीं करने देगी। यह संविधान हर धर्म के व्यक्ति ने बनाया। हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सबकी आवाज है और आप इसे नहीं तोड़ सकते हैं।’


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App