अब ‘बोर होल’ से निकलेगा बरोजा

By: Jan 5th, 2020 12:20 am

सुंदरनगर – वन विकास निगम प्रदेश में अब बोर होल तरीके से बिरोजा निकालेगा। इससे पहले यह तकनीक सिर्फ  नौणी विश्वविद्यालय में ही प्रयोग के तौर पर इस्तेमाल की जाती रही है, लेकिन अब प्रदेश में वन विकास निगम भी बिरोजा निकालने के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल करेगा। नौणी विवि की डा. रजनीश ठाकुर की टीम इसके लिए लोगों को बाकायदा प्रशिक्षण देगी। इस तकनीक के इस्तेमाल से पेड़ों को कम नुकसान होगा और विभाग को शुद्ध व साफ  बिरोजा मिलेगा। इसके साथ ही कम समय में काम भी ज्यादा होगा। प्रशिक्षण के बाद विभाग इसी नए तरीके का इस्तेमाल कर बिरोजा का दोहन करेगा। इससे पहले प्रदेश में रिल मैथड के जरिए ही बिरोजा निकाला जाता था। नई तकनीक के साथ अब पेड़ में सीधा सुराख कर बिरोजा निकाला जाएगा। इस तरीके से पेड़ को नुकसान कम होगा और होल किया हुआ हिस्सा भी कुछ महीनों के भीतर ही भर जाएगा। बिरोजा एकत्रित करने के बाद इसे बिलासपुर और नाहन स्थित बिरोजा फैक्टरियों में भेजा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App