आंजभौज में तेंदुए ने गोशाला में नोची बकरी

पांवटा साहिब –पांवटा साहिब के गिरिपार के आंजभौज क्षेत्र में आजकल तेंदुए का आतंक फैला हुआ है। गत रात्रि डांडा शिव मंदिर के साथ खतरी राम की गोशाला में अचानक तेंदुए ने बकरी पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से बकरी चीखी तो मालिक खतरी राम ने गोशाला पहुंचकर अपनी जान पर खेलकर बकरी को छुड़ाया। जानकारी के मुताबिक गत सोमवार को देर रात लगभग 12 बजे आंजभौज क्षेत्र में अचानक तेंदुए ने खतरी राम के घर के पास बनी गोशाला में बंधी बकरी पर हमला किया। तेंदुए के हमले में बकरी की आवाज से खतरी राम ने तुरंत घर से बाहर निकल कर अपनी जान पर खेलकर तेंदुए के मुंह से बकरी को छुड़ाया। हालांकि इस बीच तेंदुए के हमले से बकरी बुरी तरह घायल हो गई है। वहीं डीएफओ पांवटा कुणाल अंग्रीष ने बताया कि डांडा में तेंदुए के हमले के मामले में वन विभाग कर्मी को मौके पर भेज दिया गया है। उक्त मामले में जो भी नुकसान होगा उसका मुआवजा दिया जाएगा। उक्त स्थान पर पिंजरा लगाने के आदेश भी दिए गए हैं।