ऊना… डिपुओं में पहुंची प्याज की खेप

By: Jan 15th, 2020 12:25 am

64 रुपए किलो मिलेगा प्याज;  जिला में पहुंचा 110 क्विंटल माल, लोगों को जल्द मिलेगा सस्ता प्याज

ऊना-जिला ऊना के सरकारी डिपुओं में 64 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्याज मिल पाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग के पास मंगलवार को 110 क्विंटल प्याज की खेप पहुंच गई है। राशन कार्ड धारक सरकारी डिपुओं में प्याज की खरीद होल सेल पर ही कर पाएंगे। फिलहाल जिला के समस्त 295 डिपुओं को 20 -20 किलोग्राम प्याज दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर डिपुओं में और भी प्याज उपलब्ध करवाया जा सकेगा। सरकारी प्याज पहुंचने के बाद अब लोग बाजार में महंगे प्याज की बजाय सस्ते दरों पर प्याज खरीद पाएंगे। बताते चले कि दिसंबर माह में प्याज के दामों ने शतक लगाते हुए रिकार्ड तोड़ दिया था। ऊना जिला में प्याज 150 रुपए प्रति किलोग्राम के साथ बिका था। ऐसे में प्याज ने रसोई बजट पूरी तरह से बिगाड़ रख दिया था। अब भी प्याज बाजार में 75 रुपए बिक रहा है। ऐसे में डिपुओं में सरकारी प्याज पहुंचने पर लोगों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। हालांकि प्याज की खेप हिमाचल में दिसंबर माह में पहंचुनी थी, लेकिन उक्त खेप जनवरी माह के आधा महीना बीत जाने पर पहुंची है। फिर भी देर आए दरुस्त आए, प्याज की खेप आने पर लोगों को बाजार में महंगे दाम पर बिक रहे प्याज से थोड़ी राहत मिलती जरूर दिख रही है।

दिसंबर में मंगवाई थी प्याज की खेप

सरकार ने प्याज की खेप दिसंबर माह में उस समय मंगवाई थी, जब प्रदेश में प्याज के दामों ने लोगों के पसीने छुड़ाकर रखे हुए थे। दिसंबर माह में प्याज 150 रुपए प्रतिकिलोग्राम के हिसाब से बिका था। उस समय सरकार ने लोगों को राहत प्रदान करने के लिए सरकारी डिपुओं में सस्ती दरों पर प्याज उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया था, लेकिन प्याज की खेप लेट पहुंचने पर सरकार का दाव उल्टा भी पड़ सकता है। क्योंकि दिन पर दिन प्याज के दामों में गिरावट आ रही है। अब इस समय प्याज 70 से 75 रुपए किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है।

ऊना में 295 राशन के डिपो

जिला ऊना में 295 सरकारी राशन के डिपो है। इन डिपुओं पर खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा पहले 20-20 किलोग्राम प्याज की सप्लाई दी जाएगी। जहां पर उपभोक्ताओं को होल सेल रेट पर 64 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्याज दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App