एक नजर

By: Jan 20th, 2020 12:01 am

इंडोनेशिया में सड़क हादसा, आठ जानें गईं

जकार्ता। इंडोनेशिया के जावा प्रांत में एक यात्री बस पलटने से आठ लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। जिला के मुख्य पुलिस अधिकारी टेडी फैनानी के मुताबिक वाहन चालक सबंग जिला के पातसारी मार्ग से गुजरने के दौरान गाड़ी को नियंत्रित नहीं कर पाया। बस में 58 घरेलू यात्री सवार थे। वह बंदूंग जिले में तांगबून पेराहू ज्वालामुखी की यात्रा पर निकले थे।

सोमालिया में हमला चार लोग शिकार

मोगादिशु। सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में हुए आत्मघाती विस्फोट में चार लोग मारे गए तथा 18 अन्य लोग घायल हो गए। सरकारी प्रवक्ता इस्माइल मुख्तार उमर ने बताया कि राजधानी मोगादिशु और अफगोये शहर के जोड़ने वाले मुख्य राज्यमार्ग पर काम कर रहे अभियंताओं को लक्षित करके आतंकवादियों ने हमला किया, जिसके कारण दो पुलिस अधिकारी और दो नागरिकों की मौत हो गई।

नए परमाणु समझौते के मुद्दे पर बात नहीं

तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जावेद जरीफ ने नए परमाणु समझौते को लेकर वार्ता की संभावना से इनकार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक अखिल भारतीय उद्योग संघ द्वारा मुंबई में आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर गए श्री जावेद ने कहा कि हम कभी भी नए समझौते पर वार्ता नहीं करेंगे।

लेबनान में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

बेरुत। लेबनान की राजधानी बेरुत में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में कम से कम 160 लोग घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों के घेरे को तोड़ कर संसद के मुख्यालयों की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों के जवानों पर पत्थर और पेड़ की टहनियां फेंकीं। इसके बाद सुरक्षा बलों ने पानी का बौछार किया और आंसू गैस के गोले दागे।

चेक गणराज्य में आग आठ की मौत, 30 जख्मी

प्राग। चेक गणराज्य के एक पश्चिमी शहर में रविवार तड़के एक घर में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और तीस घायल हो गए। इस घर में मानसिक रूप से कमजोर लोग रहते हैं। आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता प्रोकोप वोलेनिक ने बताया कि आग से कुल 38 लोग प्रभावित हुए, उनमें से आठ की दुर्भाग्यवश मौत हो गई। उन्होंने बताया कि 30 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक नाजुक हालत में है, जबकि तीन गंभीर रूप से और 26 लोग मामूली रूप से घायल हैं।

यूनान के केफालोनिया में भूकंप के झटके

एथेंस। यूनान में केफालोनिया के ग्रीक द्वीप पर रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोप भू-मध्यसागरीय भूकंप केंद्र ने यह जानकारी दी। भूकंप केंद्र के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार तड़के दो बजकर 52 मिनट पर आया और इसका केंद्र केफालोनिया में लोनियन द्वीप से छह किलोमीटर दूर जमीन की सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में था।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App