एनएच-305 जलोड़ी दर्रा मार्ग बहाल

आनी –भारी बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद पड़े एनएच- 305 जलोड़ी दर्रा मार्ग बहाल हो गया है। एनएच प्राधिकरण उपमंडल आनी ने मार्ग से बर्फ हटाकर शुक्रवार बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया। घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि आनी-कुल्लू वाया जलोड़ी दर्रा मार्ग भारी बर्फबारी के कारण पिछले कई दिनों से यातायात के लिए बंद पड़ा है। गुरुवार व शुक्रवार को मौसम साफ होते ही एनएच प्राधिकरण उपमंडल आनी ने कनिष्ठ अभियंता ज्ञान भारती की देखरेख में मशीनरी द्वारा मार्ग से बर्फ हटाने के कार्य में तेजी लाई और शुक्रवार सायं को मार्ग बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया। कनिष्ठ अभियंता ज्ञान भारती ने बताया कि मार्ग में खनाग से जलोड़ी दर्रे के मध्य सुबह शाम तापमान माइन्स डिग्री होने से सड़क पर कोहरा जम जाता है, जिससे मार्ग फिसलन भरा होने से संभावित खतरा बना रहता है, हालांकि इस स्थिति से निपटने के लिए प्राधिकरण ने सड़क पर मिट्टी भी बिछा दी है, बावजूद इसके वाहन चालक सावधानी बरतें। वहीं इस बारे में एनएच प्राधिकरण  के उपमंडल आनी के एसडीओ सुनील गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मशीनरी द्वारा बर्फ से बंद पड़े आनी कुल्लू मार्ग को शुक्रवार सायं को बड़े वाहनों के लिए बहाल कर दिया है।