गणतंत्र दिवस… बिलासपुर में शान से लहराया तिरंगा

By: Jan 28th, 2020 12:22 am

आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने शहीद स्मारक में माल्यार्पण कर वीर शहीदों को अर्पित किए श्रद्धासुमन, शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किए होनहार

बिलासपुर –71वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल स्कूल बिलासपुर के खेल में प्रागंण में मनाया गया। समारोह में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। यहां मुख्यातिथि ने ध्वजारोहण कर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने चंगर स्थित शहीद स्मारक में वीर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने जिलावासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला में अनेक महान स्वतंत्रता सेनानी हुए जिनकी वजह से आज हम यह पर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर शहीदों को याद करने का विशेष दिन है, जिन्होंने देश की आजादी और रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुतियां दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक सुभाष ठाकुर, राजेंद्र गर्ग, जेआर कटवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, उपायुक्त राजेश्वर गोयल, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा व सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

इन वीर सैनिकों ने दिखाया शौर्य

जिला बिलासपुर से संबंधित वीर सैनिकों में स्व. कप्तान वीर भंडारी राम को विक्टोरिया क्रॉस तथा शहीद नायक कृपा राम को जार्ज क्रॉसी जिले के और अब आजादी के बाद सैन्य सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र नायब सूबेदार संजय कुमार को कारगिल आपरेशन के दौरान बहादुरी के लिए प्राप्त हुआ है। ये वीर सपूत जिला बिलासपुर से ही संबंध रखते हैं। आईपीएच मंत्री ने कहा कि जिला बिलासपुर की वीर धरती से वीरता पुरस्कार विजेता भूतपूर्व सैनिकों/सेवारत सैनिकों/अधिकारियों की संख्या 64 हैं, जिनमें एक विक्टोरिया क्रॉस, एक जार्ज क्रॉस, एक परमवीर चक्र विजेता, दो कीर्ति चक्र, तीन वीर चक्र, पांच शौर्य चक्र, 35 सेना मेडल व 16 अति विशिष्ट/वशिष्ट सेना मेडल जिला से संबंधित हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App