घर के पास मिला तेंदुए का शव

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन

नादौन –नादौन उपमंडल के पुतडि़याल गांव में एक घर के बाहर तेंदुए का बच्चा मृत पाया गया है। बताया जा रहा है कि करीब 10 माह का तेंदुए का यह बच्चा इस घर की रसोई तक जा पहुंचा था। जानकारी के अनुसार गांव निवासी बलवंत कुमार ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर के समय जब उसकी माता जंगल में लकड़ी आदि एकत्रित करने गई थी, तो इस तेंदुए ने उसकी माता पर हमला करने का प्रयास किया। हमले के समय यह तेंदुआ कुछ घायल दिख रहा था। बलवंत ने बताया कि रात के समय जब वह अपने परिवार सहित घर की रसोई में खाना खा रहा था, तो उसने देखा कि यह तेंदुआ रसोई घर की ओर अंदर आ रहा था। बलवंत ने बताया कि उसे भगाने के लिए उसने तेंदुए पर डंडे से प्रहार किया, चोट लगते ही तेंदुआ घर से बाहर भाग गया। उसने बताया कि रविवार सुबह जब परिवार अपने दैनिक कार्य में लगा था तब किसी ने देखा कि घर के निकट ही तेंदुआ मृत पड़ा था। इसके बाद उसने उसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने छानबीन करने के बाद नादौन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर वन परिक्षेत्र अधिकारी एसके ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही मामले की छानबीन की गई और पुलिस विभाग को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाकर उसकी देह को जला दिया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। वहीं पता चला है कि तेंदुए के सिर व आंख पर चोट का निशान था। इस घटना को लेकर क्षेत्र भर में कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।