चंडीगढ़ में घर में घुसकर मां-दो बच्चों का गला काटा

By: Jan 24th, 2020 12:02 am

चंडीगढ़, मनीमाजरा – चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में अज्ञात हमलावरों ने बुधवार रात को एक महिला और उसके दो बच्चों की गला काटकर हत्या कर दी। उधर, महिला के पति भी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात करीब दो बजे उन्हें मनीमाजरा में तीन लोगों के हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो घर का ताला खुला हुआ था और  मकान नंबर 5012 में तीन शव पड़े हुए थे। मृतकों की पहचान सरिता (45), बेटा अर्जुन (16) और बेटी सांची (22) के रूप में हुई है। महिला का पति  संजय अरोड़ा भी पीजीआई में भर्ती हैं। पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। आसपास के घरों से सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे मामले को सुलझा लिया जाएगा और हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे। बताया जा रहा है कि संजय अरोड़ा का डेरी का व्यवसाय है। घर का मालिक संजय अरोड़ा भी संदिग्ध हालातों के बीच पीजीआई में दाखिल है। उसकी पंचकूला के सेक्टर 9 में डेयरी है, जो उसने कर्मवीर को किराए पर दी हुई है। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन के अनुसार कर्मवीर ने पुलिस को बताया कि उसे रात 11 बजे फोन आया था कि संजय अरोड़ा की दुर्घटना हो गई है और वह पीजीआई में दाखिल है। इस सूचना पर वह पीजीआई चला गया और इस दौरान उसने संजय के घरवालों को फोन किया तो जवाब नहीं आया। कर्मवीर ने बताया कि जब वह अस्पताल से संजय के घर पहुंचा तो घर खुला हुआ मिला। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो अंदर खून से लथपथ तीन लाशें बरामद हुईं। सरिता, उनकी बेटी सांची और अर्जुन के गले रेते हुए थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App