जाली करंसी में वांछित दबोचा

By: Jan 3rd, 2020 12:22 am

मध्यप्रदेश व हिमाचल पुलिस की संयुक्त टीम ने  शहर के एक निजी होटल से धरा

चंबा – मध्यप्रदेश व हिमाचल पुलिस की संयुक्त टीम ने जाली करंसी मामले में वांछित आरोपी को शहर के एक निजी होटल से दबोचने में सफलता हासिल की है। गुरुवार को मध्यप्रदेश पुलिस आरोपी को लेकर वापस लौट गई। आरोपी को अब मध्यप्रदेश में अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को  मध्यप्रदेश के गुना जिला के थाना कैंट के एसआई गजेंद्र सिंह, एएसआई मासी खान, आरक्षी धीरेंद्र, विनीत व पवन ने सदर थाना चंबा में सूचना दी कि वे अदालत द्वारा जारी एक गिरफ्तारी वारंट की अनुपालना के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि जाली करंसी बनाने का कार्य को लेकर दर्ज मामले में मुस्तगीस पुत्र शोखत खान वासी भवानी मंडल जिला झालावाड़ राजस्थान मुख्य आरोपी है। जिसकी चंबा जिला में होने की पुख्ता सूचना है। सदर पुलिस थाना प्रभारी प्रशांत ठाकुर ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरक्षी हेमराज को मध्यप्रदेश से आई टीम की सहायता हेतु साथ रवाना किया। इस टीम ने शहर के विभिन्न जगह आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी। देर शाम पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हो गई। आरोपी को शहर के पुराने बस अड्डे के पास एक निजी होटल से गिरफ्तार किया गया है।उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने मध्य प्रदेश में जाली करंसी के मामले में वांछित आरोपी की चंबा में गिरफ्तारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को लेकर गुरुवार को मध्यप्रदेश पुलिस वापस लौट गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App