जो हो गया…सो हो गया

By: Jan 22nd, 2020 12:12 am

अनुराग के हाथ न मिलाने पर मुख्यमंत्री का सादगी भरा जवाब

File Photo

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा हाथ न मिलाने पर अपनी सादगी और उदारता के साथ बड़ा संदेश दिया है। श्री नड्डा की ताजपोशी के बाद दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री ने इस मामले में बड़प्पन दिखाते हुए कहा कि जो हो गया, सो हो गया। इसमें अब ज्यादा कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। बता दें कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के ताजपोशी समारोह में अनुराग ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कैद दृश्य में देखा जा सकता है कि मंच पर पहुंचे अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नजरअंदाज करते हुए पहले पार्टी प्रभारी मंगल पांडे का अभिनंदन किया। इसके बाद फिर सीएम को इग्नोर करते हुए वह सीधे तौर पर डा. राजीव बिंदल को गले लगाने पहुंच गए। इस वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री ने पहली बार मीडिया के सवालों का जवाब दिया है। मुख्यमंत्री मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली प्रवास से लौट कर सचिवालय पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया ने उनसे अनुराग ठाकुर के हाथ न मिलाने का कारण पूछा। इस पर सीएम का कहना था कि अब इस बात को ज्यादा बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है। जो हो गया सो हो गया, अब इसे आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है। बता दें कि इस मुद्दे पर पहले ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए थे। बावजूद इसके यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा था। हालांकि यह भी सच है कि राज्य के मुख्यमंत्री से हाथ मिलाने के लिए नजरअंदाज करना संभव नहीं है। यह भी हो सकता है कि डा. राजीव बिंदल को बधाई देने के लिए उत्सुक हुए अनुराग ठाकुर सीएम को देखना ही भूल गए हों? लेकिन मंच पर आकर सीएम से गुजरते हुए पहले मंगल पांडे के पास पहुंच कर उनका अभिनंदन करना भी चूक नहीं हो सकता। मंगल पांडे से हाथ मिलाकर फिर सीएम को नजरअंदाज कर देना दूसरी बार चूक गले नहीं उतरती। हालांकि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष से गले मिलने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री को झुक कर अभिनंदन किया है। बहरहाल यह उत्सुकता में हुई चूक है या जानबूझ कर हुआ है, इस पर जितने मुंह उतनी बातें चल रही है। खुद अनुराग ठाकुर के पास इस सवाल का सबसे स्टीक जवाब है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बात पर पानी डालकर एक बार फिर अपनी उदार छवि का प्रमाण दिया है। जाहिर है कि सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री के प्रति आम लोगों ने सहानुभूति दिखाई है।

कांगड़ा शीतकालीन प्रवास स्थगित

दो दिन बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली विधानसभा चुनावों के प्रचार के लिए कूच कर जाएंगे। इसके चलते उनका कांगड़ा प्रवास फिलहाल स्थगित हो गया है। सीएम ने कहा कि दिल्ली चुनावों के कारण धर्मशाला का शीतकालीन प्रवास कुछ दिनों के लिए आगे खिसक जाएगा।

सीएए को हिमाचल में करेंगे लागू

सीएए के सवाल पर सीएम ने कहा कि लोकसभा और राज्य सभा में पारित इस कानून को लागू किया जाएगा। उनका कहना था कि एक्ट में हुए संशोधन को लागू न करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। इसके लिए राज्य सरकारें अधिकृत नहीं होतीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App