झारखंड को पीट हिमाचल क्वार्टर फाइनल में

By: Jan 15th, 2020 12:06 am

आंध्र में सेपक टाकरा प्रतियोगिता की डबल स्पर्धा में दी मात, रेगू में हारे

भोरंज  – आंध्र प्रदेश के कड़प में चल रही सब जूनियर राष्ट्रीय सेपक टाकरा प्रतियोगिता की रेगू स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश की टीम भले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गई है, लेकिन डबल स्पर्धा में हिमाचल के खिलाडि़यों ने झारखंड की टीम को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार सुबह खेली गई डबल स्पर्धा में हिमाचल का मुकाबला झारखंड से हुआ, जिसमें हिमाचल ने झारखंड को 2-1 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। डबल स्पर्धा के पहले सेट में 17-21 से हिमाचल हार गया, जबकि दूसरे सेट में अच्छे खेल का प्रदर्शन कर हुए झारखंड को 21-12 व तीसरे सैट में 21-15 से पराजित किया। इस जीत से प्रदेश के खिलाडि़यों रितेश, आदर्श, ध्रुव, पुष्पेंद्र व सक्षम ने रेगू की हार की निराशा खुशी में बदल गई। हिमाचली टीम के कोच विशाल शर्मा ने खिलाडि़यों के हौसले को बुलंद किया तथा खेल के दौरान की गई गलतियों को सुधारने का आह्वान किया। खिलाडि़यों के इस प्रदर्शन पर प्रदेश महासचिव प्रदीप धीमान, कार्यकारी अध्यक्ष शिवपाल मिन्हास, प्रेस सचिव पवन रांगड़ा, संयुक्त सचिव हेम राज, प्रधानाचार्य डीएवी बरमाणा आवासीय मोनिका वत्स व हमीरपुर जिलाध्यक्ष बीआर जस्वाल ने खिलाडि़यों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर बधाई दी है।

क्या है सेपक टाकरा

सेपक टाकरा भारत के नॉर्थ ईस्ट का प्रसिद्ध खेल है। इसमें वॉलीबाल, फुटबॉल और जिम्नास्टिक खेल का मिश्रण है। इस खेल को इंडोर हाल में 20 गुणा 44 के आकार की जगह में सिंथेटिक फाइबर की गेंद से खेला जाता है। इस खेल में तीन स्पर्धाएं होती हैं, जिनमें रेगू में तीन खिलाड़ी, डबल में दो खिलाड़ी व टीम इवेंट में पांच खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App