डाक्टर को जिम्मेदारी…2022 में 50 हमारी

By: Jan 19th, 2020 12:06 am

नेताओं ने पीठ थपथपाकर बिंदल में भरा जोश

  भाजपा नेताओं ने दी बधाइयां, फ्रंट फुट पर खेलने की अपील

शिमला-भाजपा के केंद्रीय नेताओं से लेकर प्रदेश नेतृत्व ने नववियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की पीठ थपथपाई। प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी के लिए आयोजित समारोह के दौरान हर वक्ता ने डा. राजीव बिंदल में जोश भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री एवं चुनाव पर्यवेक्षक रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हिमाचल में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी से ही जुट जाएं। उन्हांने कहा कि डा. राजीव बिंदल के पास संगठन का काफी अनुभव है। ऐसे में आने वाले सभी चुनावों में भी प्रदेश में भाजपा जीत दर्ज करेगी। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि डा. राजीव बिंदल के प्रदेशाध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं को नया पैगाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि डा. राजीव बिंदल अब आप फ्रंट फुट पर खेलो। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सह पर्यवेक्षक सुनील देवधर ने कहा कि शिमला की इस प्रचंड ठंड में भी कार्यकर्ताओं में जो जोश देखने को मिल रहा है, इससे साबित हो रहा है कि 2022 के चुनाव में भी भाजपा जीत दर्ज कर इतिहास बनाएगी। प्रदेश भजपा के प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा कि मैं पिछले कई साल से संगठन की गतिविधियों का जायजा लेने आता था, तो डा. राजीव बिंदल की काबिलियत से हर कोई संतुष्ट हुआ करता था। अब डा. राजीव बिंदल संगठन की और मजबूती के लिए मेहनत करेंगे।

मेरे कार्यकाल में न कोई छूटा, न ही कोई रूठा…

निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे कार्यकाल में न तो कोई कार्यकर्ता छूटा और न ही कोई रूठा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में पार्टी ने मुझे संगठन का दायित्व सौंपा था। उस साल प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हुए, लेकिन हम सत्ता में नहीं आ पाए। बावजूद इसके लक्ष्य की तलाश के लिए पूरी टीम ने काम किया और 2014 के लोकसभा चुनाव और सत्ता से बाहर रहकर भी प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज की। उसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में 44 सीटों के साथ सत्ता में आए। उसी साल नगर निगम शिमला में भी चुनाव हुए और आजादी के बाद यहां पार्टी को जीत मिली।  सत्ती ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल संगठन को ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

न हो किसी की अनदेखी

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल ने अपने संदेश के माध्यम से डा. राजीव बिंदल को बधाई दी। प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि संगठन को ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए डा. बिंदल मेहनत करेंगे। प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता की अनदेखी न हो और संगठन आगे बढ़े। वहीं शांता कुमार ने अपने संदेश में कहा कि डा. राजीव बिंदल अनुभवी कार्यकर्ता हैं और उनकी अध्यक्षता में संगठन में नई ऊर्जा आएगी। प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार निजी कारणों के चलते समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App