डा. बिंदल का विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा

By: Jan 17th, 2020 12:07 am

शिमला – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने जा रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने गुरुवार को अपने पद से  इस्तीफा दे दिया। उनके सम्मान में विधानसभा सचिवालय द्वारा पुस्तकालय कक्ष में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, संसदीय कार्य मंत्री  सुरेश भारद्वाज, विधान सभा उपाध्यक्ष हंसराज सहित अतिरिक्त विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा तथा विधान सभा सचिवालय के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। डा. राजीव बिंदल ने दोपहर बाद शाम तीन बजे अपने कार्यालय कक्ष में विधानसभा उपाध्यक्ष को त्यागपत्र सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में डा. बिंदल ने दो वर्ष छह दिनों तक सेवाएं दीं। गौरतलब है कि डा. बिंदल 10 जनवरी, 2018 को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए थे। सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्य मंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष तथा विधानसभा सचिव ने अपने-अपने संबोधनों में डा. बिंदल के कार्यों की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों में विधानसभा अध्यक्ष के रूप में श्री बिंदल ने सभा का सुव्यवस्थित संचालन किया, जोकि सराहनीय रहा। मुख्यमंत्री, मंत्रियों व अध्यक्ष से मिलने वाले आगंतुकों को बैठने के लिए उन्होंने नवीन तकनीक से सुसज्जित वर्षा शालिका एवं प्रतीक्षालय का निर्माण करवाया गया। श्री बिंदल द्वारा कैंटीन का नवीनीकरण करवाया गया, जिसमें माननीय विधायकों हेतु एक कैफेटेरिया का भी अलग से निर्माण करवाया गया। इसके अलावा इस दौश्रान उनके अन्य काम भी गिनाए गए।इस अवसर पर अपने संबोधन में डा. बिंदल ने  मुख्यमंत्री, संसदीय कार्यमंत्री, विधानसभा उपाध्यक्ष, सभी विधायकगणों व हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों का उनके दो वर्ष के कार्यकाल में भरपूर सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App