डा. मुकेश शर्मा को ‘भारत गौरव अवार्ड’

By: Jan 29th, 2020 12:03 am

आनी – कहते हैं मंजिले उन्हें हासिल होती हैं, जिनके सपनों में जान होती है। महज पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। जी हां, ऐसे ही सपनों को जिला कुल्लू के विकास खंड आनी के रिवाड़ी गांव के युवा डा. मुकेश शर्मा ने सच किया है। उन्होंने कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र में कई बुलंदियां हासिल कीं। डा. मुकेश ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई अवरोधों के बावजूद जीवन में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में कड़ी मेहनत व सच्ची लगन को निरंतर बनाए रखा। इसी के फलस्वरूप हाल ही में उन्हें डॉक्टरेट के दीक्षांत समारोह में शिक्षा क्षेत्र की सबसे बड़ी पीएचडी की मानक उपाधि से अलंकृत किया गया। उन्हें शिक्षा क्षेत्र में प्रवीणता व पीएचडी में सराहनीय कार्य के लिए विश्वविद्यालय द्वारा स्वर्ण पदक से भी नवाजा गया। वह वर्तमान में ह्यूमन वेलफेयर सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष हैं और डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड, एमएड शिक्षण संस्थान नोगली रामपुर के चेयरमैन हैं। डा. मुकेश शर्मा की बुलंदियों का यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं हो जाता। समूचे भारतवर्ष में शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हाल ही में ग्लोबल एचीवर फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा किए गए ग्लोबल सर्वे में भारतवर्ष की ग्लोबल अचीवर विभूतियों में से डा. मुकेश को ‘भारत गौरव अवार्ड 2020’ के लिए चयनित किया गया है। यह अवार्ड उन्हें पहली फरवरी को थाईलैंड के बैंकॉक में होने वाले अंतरराष्ट्रीय इंडो थाई फ्रेंडशिप शिखर सम्मेलन 2020 में प्रदान किया जाएगा। हिमाचल से डा. मुकेश शर्मा को स्वर्ण पदक सहित भारत गौरव अवार्ड मिलना प्रदेश व देश के लिए गौरव की बात है।  डा. मुकेश ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय पिता पं. मस्तराम शर्मा, माता कलावती व गुरुजनों को दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App