दिल्ली में ताजपोशी… बिलासपुर में जश्न ही जश्न

By: Jan 21st, 2020 12:25 am

जेपी नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताआें ने पटाखे फोड़-लड्डू बांट मनाया जश्न, घर दिन भर लगा रहा बधाइयों का तांता

बिलासपुर –जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। श्री नड्डा को निर्विरोध पार्टी का चीफ चुना गया है। वह भाजपा के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। मृदुभाषी और विनम्र स्वभाव के नड्डा सांगठनिक कौशल और लक्ष्य को साधने के अद्भुत अंदाज की वजह से ही अपने सियासी सफर में इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। बिलासपुर के विजयपुर गांव के रहने वाले जेपी नड्डा का जन्म बिहार की राजधानी पटना में दो दिसंबर, 1960 को हुआ था। नड्डा जब 16 वर्ष की आयु के थे तभी वह जेपी आंदोलन से जुड़़ गए। एबीवीपी से जुड़ने के साथ ही उन्होंने छात्र राजनीति में कदम रखा और वर्ष 1982 में वह हिमाचल प्रदेश में परिषद के प्रचारक के रूप में भेजे गए। अपने समर्पण भाव और सांगठनिक विस्तार की क्षमता से वह एबीवीपी में अपना स्थान बनाते हुए आगे बढ़ते रहे और वर्ष 1989 में उन्हें राष्ट्रीय संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा गया। वहीं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पार्टी हाइकमान द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की घोषणा करते ही उनके गृह क्षेत्र के साथ ही पूरे हिमाचल में स्थित जेपी जश्न का माहौल शुरू हुआ है। उनके पिता नारायण लाल नड्डा ने उन्हें इस मुकाम पर पंहुचने के लिए बधाई दी है। मीडिया से बात करते हुए पिता नारायण लाल नड्डा ने कहा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना बेहद गौरव की बात है। मुझे बेहद खुशी व गर्व महसूस हो रहा है। यह बिलासपुर व हिमाचल सहित पूरे देश के लिए गौरव की बात है। बहरहाल भाजपा नेता जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। पूरे प्रदेश में जगह-जगह जश्न मनाए जा रहे हैं। वहीं, जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर में भी पटाखों व आतिशबाजी चलाने सहित लड्डू आदि बांटे गए। बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में स्थित जगत प्रकाश नड्डा के ननिहाल में भी जश्न मनाया गया। यहां उनके रिश्तेदारों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ढ़ोल नगाड़ों पर डांस करके अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं, शहर भर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लड्डू वितरीत किए गए। वहीं नड्डा के निवास स्थान विजयपुर में दिन भर बधाइयों का तांता लगा रहा। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यकाल पिछले साल खत्म हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनके कार्यकाल को बढ़ाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के साथ नड्डा के नजदीकी रिश्ते रहे हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्रालय भी संभाला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App