दिल्ली में भाजपा के 57 चेहरे फाइनल, केजरीवाल के खिलाफ पत्ते नहीं खोले

By: Jan 18th, 2020 12:03 am

नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपने 57 उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार शाम जारी की और दावा किया कि उसके प्रत्याशी विजेताओं की टीम है, जो दिल्ली की अगली सरकार बनाएगी। भाजपा ने पहली सूची नई दिल्ली सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभी पत्ते नहीं खोले हैं, जबकि पटपड़गंज सीट से उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विरुद्ध रवि नेगी को उतारा है। पिछले चुनावों में आम आदमी पार्टी के टिकट पर जीते और केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे कपिल मिश्रा को मॉडल टाउन से मौका दिया गया है। पिछली बार वह करावलनगर से जीते थे। भाजपा के उपाध्यक्ष श्याम जाजू, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में यह सूची जारी की। इस सूची में चार महिलाओं को टिकट दिया गया है। श्री तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि वह पूर्ण विश्वास के साथ कहते हैं कि ये विजेताओं की टीम है और विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है। हम सकारात्मक एजेंडा के साथ आगे बढ़ेंगे और केंद्र सरकार के अच्छे कार्यों को हर घर में पहुंचाएंगे। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बाकी 13 उम्मीदवारों की भी जल्द घोषणा की जाएगी। इस सूची में रोहिणी से प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता, विश्वासनगर से उम्मीदवार ओपी शर्मा भाजपा के निवर्तमान विधायक हैं। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार आरपी सिंह को राजेंद्र नगर से उतारा गया है। तुगलकाबाद से दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी के भतीजे विक्रम बिधूड़ी को उतारा गया है। भाजपा ने तीन पूर्व महापौर को भी उम्मीदवार बनाया है, जिनमें दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के भाई मास्टर आज़ाद सिंह को मुंडका से, श्री योगेंद्र चंदोलिया को करोल बाग (सु) से और श्री खुशीराम को डॉ. अंबेडकरनगर शामिल हैं।

कपिल मिश्रा को मॉडल टॉउन से दिया टिकट

नई दिल्ली – बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा को मॉडल टाउन सीट से उम्मीदवार बनाया है। इस सूची में पूर्व मेयरों रविंद्र गुप्ता और योगेंद्र चंदोलिया के भी नाम हैं। प्रेस कान्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी मौजूद थे। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान आठ फरवरी को होगा और मतगणना 11 फरवरी को होगी।

आप ने 70 सीटों पर तय कर दिए हैं उम्मीदवार

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया था। आप ने जहां मौजूदा 46 विधायक को टिकट दिया है, तो वहीं 15 विधायकों के टिकट काटे हैं, जबकि आठ महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपटगंज से चुनाव लड़ेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App