दुनिया देखेगी हमारी ताकत

By: Jan 25th, 2020 12:04 am

पीएम मोदी बोले, राजपथ पर दिखेगा मिनी एंड न्यू इंडिया

File Photo

नई दिल्ली – पीएम नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने जा रहे कलाकारों और स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा है कि भारत की श्रेष्ठता की एक और शक्ति इसकी भौगोलिक और सामाजिक विविधता में ही है। हमारा ये देश एक प्रकार से फूलों की माला है, जहां रंग-बिरंगे फूल भारतीयता के धागे से पिरोए गए हैं। पीएम ने कहा कि परेड में आप एक प्रकार से मिनी इंडिया-न्यू इंडिया को शोकेस करने वाले हैं। भारत असल में क्या है, ये हमारा देश और पूरी दुनिया आपके माध्यम से समझती है। उन्होंने कहा कि जब हम एक भारत, श्रेष्ठ भारत की बात करते हैं, तो हमें ये भी याद रखना है कि भारत असल में है क्या। भारत क्या सिर्फ सरहदों के भीतर 130 करोड़ लोगों का घर भर ही है? नहीं, भारत एक राष्ट्र के साथ-साथ एक जीवंत परंपरा है, एक विचार है, एक संस्कार है, एक विस्तार है। पीएम ने कहा कि राजपथ पर आपके प्रदर्शन से पूरी दुनिया भारत की इस शक्ति के भी दर्शन करती है।

आ गए 26 जनवरी के चीफ गेस्ट बोलसोनारो

नई दिल्ली – ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोलसोनारो शुक्रवार को चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। यहां बोलसोनारो भारत के साथ घनिष्ठ सामरिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने पर चर्चा करेंगे। वह भारत के 71वें गणतंत्र दिवस पर परेड में मुख्य अतिथि भी होंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति बोलसोनारो राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से वार्ता करेंगे। शुक्रवार को विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने एयरपोर्ट पर ब्राजील के राष्ट्रपति बोलसोनारो की अगवानी की। मुरलीधरन ने अपने ट्वीट में कहा कि हमारे सम्मानीय अतिथि राष्ट्रपति बोलसोनारो का भारत के लोगों और सरकार की ओर से हृदय से स्वागत। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) विजय ठाकुर सिंह ने गुरुवार को बताया था कि राष्ट्रपति बोलसोनारो की यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह यात्रा हमारे सामरिक संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करने और प्रमुखता से आगे बढ़ने का महत्त्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App