नए प्रदेशाध्यक्ष का होगा जोरदार वेलकम

By: Jan 22nd, 2020 12:20 am

हरियाणा की सीमा पर सैकड़ों कार्यकर्ता भरेंगे हाजिरी, डा. राजीव बिंदल संग निकलेगा काफिला

नाहन –हिमाचल प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता डा. राजीव बिंदल के स्वागत को जिला सिरमौर तैयार है। बुधवार सुबह 11 बजे सैकड़ों की संख्या में भाजपा जिला कार्यकारिणी व मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सभी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता हरियाणा की सीमा पर स्थित कालाअंब में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का स्वागत गर्मजोशी से करेंगे। दोपहिया वाहनों व कार के काफिले के साथ डा. राजीव बिंदल को सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन तक जयघोष के नारों के साथ स्वागत सहित पहुंचाया जाएगा। डा. राजीव बिंदल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बुधवार को सुबह 11 बजे डा. राजीव बिंदल कालाअंब पहुंचेंगे। जिला सिरमौर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता गर्मजोशी के साथ स्वागत को तैयार हैं। इसके लिए नाहन शहर को भाजपा के बैनर व डा. राजीव बिंदल के पोस्टर से सजा दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप राणा व भाजपा के जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी को लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर को पहली बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की बागडोर मिली है, जिससे सिरमौर जिला ही नहीं बल्कि प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार हुआ है। भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जगत प्रकाश नड्डा की तैनाती तथा हिमाचल में डा. राजीव बिंदल की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भाजपा में ताजपोशी से भारतीय जनता पार्टी की नई तस्वीर भविष्य में सामने आएगी। उन्होंने कहा कि डा. राजीव बिंदल की संगठन में मजबूत पकड़ है जिसके कारण पार्टी हाइकमान ने डा. राजीव बिंदल को हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का दायित्व सौंपा है। डा. राजीव बिंदल का कालाअंब से नाहन तक जगह-जगह स्वागत गेट के माध्यम से कार्यकर्ता फूल मालाओं से स्वागत करेंगे। उसके पश्चात नाहन दिल्ली गेट से शहर भर में डा. बिंदल का गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। उसके पश्चात सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को हिंदू आश्रम तक फूल मालाओं के साथ पहुंचाएंगे। हिंदू आश्रम में डा. बिंदल जिला भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। गौर हो कि नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल को हाल ही में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष पद के बाद भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है तथा केंद्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बागडोर भी हिमाचल के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा को मिलने से हिमाचल के भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App