नगर निगम की उम्मीदों को झटका

By: Jan 21st, 2020 12:16 am

टिल्ली पंचायत के मुहाल मन्याणा के बाशिंदों ने प्रस्ताव पारित कर शामिल होने से किया इनकार

मंडी –नगर परिषद मंडी को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए चल रही कवायद को झटका लगा है। इस कवायद की शुरुआत में ही टिल्ली पंचायत के लोगों ने नगर निगम में शामिल होने से इनकार कर दिया है। मंडी शहर के साथ लगती टिल्ली पंचायत के मुहाल मन्याणा को नगर निगम में मिलाने का प्रस्ताव है, लेकिन मन्याणा के लोग इसके लिए तैयार नहीं हैं। गांव के लोगों को प्रस्तावित मंडी नगर निगम में शामिल होना कतई मंजूर नहीं है। इस बाबत ग्राम पंचायत प्रधान बलबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में सपष्ट कर दिया गया कि पंचायत के इस मुहाल को नगर निगम या नगर परिषद मंडी में शामिल करने की बात की जा रही है, जो कि ग्रामीणों को मंजूर नहीं है। प्रस्ताव में पंचायत ने कहा है कि इस मुहाल के लोग बेहद गरीब हैं और खेती बाड़ी करते हैं। इसलिए इन्हें ग्रामीण क्षेत्र में ही रहने दिया जाए। पंचायत के इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री, उपायुक्त मंडी व विकास खंड सदर को भेज दिया गया है। पंचायत सचिव निर्मला ने इस तरह के प्रस्ताव की प्रतियां भेजे जाने की पुष्टि की है। बता दें कि पिछले कई दिनों से नगर परिषद मंडी को नगम निगम बनाने की मांग जोर पकडे़ हुए है। जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर ठाकुर और नप अध्यक्ष सुमन ठाकुर इस मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रबल रूप से उठा चुकी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला प्रशासन को इस बारे में एक रिपोर्ट भेजने के लिए भी कहा है। हालांकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहले ही इस बारे में स्पष्ट कर चुके हैं कि जिन गांवों व लोगों को इसके लिए नगम निगम में मिलाया जाना है, उनकी सहमति के बाद ही मंडी को नगर निगम बनाने की प्रकिया आगे बढे़गी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App