नड्डा की ताजपोशी में शामिल होगा हिमाचल

By: Jan 18th, 2020 12:04 am

20 को दिल्ली जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता, सभी हलकों को दिया टारगेट

शिमला – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर हिमाचल के वरिष्ठ भाजपा नेता जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी के दिन हिमाचल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए हिमाचल से बड़ी उपस्थिति दर्ज की जाएगी। यहां शनिवार को डा. राजीव बिंदल हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष बनेंगे, तो दिल्ली में 20 जनवरी को जगत प्रकाश नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि अभी भी वह यह जिम्मेदारी देख रहे हैं, मगर अभी कार्यकारी अध्यक्ष हैं। श्री नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से हिमाचल भाजपा में नया जोश भर चुका है। यहां से भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता दिल्ली जा रहे हैं, वहीं हर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता भी दिल्ली पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार यहां हर विधानसभा क्षेत्र से दिल्ली के लिए 500 कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य दिया गया है। सभी मंत्रियों, विधायकों को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है। संगठन ने पहले ही इसकी तैयारी कर ली है और अब मंडल स्तर तक जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जाता है कि एक तरफ जहां बिंदल की ताजपोशी को लेकर यहां नामांकन की प्रक्रिया चल रही है, तो वहीं जिला अध्यक्षों व मंडल अध्यक्षों को दूसरे काम में लगाया गया था। यह काम कार्यकर्ताओं को जुटाने का था, जिनको लाने-ले जाने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। हर विधानसभा क्षेत्र को जो लक्ष्य दिया गया है, उससे अधिक लोगों के जाने की उम्मीद भी जताई जा रही है। हालांकि छोटे विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य 300 का है, लेकिन बड़े विधानसभा क्षेत्रों को 500 का लक्ष्य दिया गया है। मंत्रियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जिलाध्यक्षों व मंडलाध्यक्षों की इस संबंध में ड्यूटी लगाई है। दिल्ली में एक बड़ा समारोह राष्ट्रीय अध्यक्ष की ताजपोशी के लिए किया जा रहा है।  बिलासपुर जिला के वर्कर्ज में नड्डा की ताजपोशी से और भी ज्यादा जोश भर चुका है। हिमाचल जैसे छोटे राज्य के लिए यह बड़ी बात है कि भाजपा जैसे संगठन को हिमाचल का नेता चलाएगा। नड्डा प्रदेश में कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और अब नई पारी की शुरूआत करने जा रहे हैं।

कल रवाना होंगे नेता

प्रदेश के सभी बड़े नेता 19 जनवरी को ही दिल्ली चले जाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत कई दूसरे नेताओं के इसी दिन दिल्ली जाने की सूचना है। कुछ नेता शनिवार को यहां बिंदल के पदभार ग्रहण के बाद ही दिल्ली रवाना  हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App