नब्ज टटोल करेंगे मर्ज का इलाज और नहीं होगा कोई साइड इफेक्ट

By: Jan 19th, 2020 12:05 am

शिमला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी समारोह अवसर पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि 2022 के चुनाव में भाजपा 50 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डा. राजीव बिंदल को प्रदेशाध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा है कि संगठन का काम अब डाक्टर के पास है। जो नब्ज देखकर मर्ज का पता लगा लेते हैं और इलाज ऐसा होता है, जिसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता है।  डा. राजीव बिंदल ने दो साल में न चाहते हुए भी पद की गरिमा का सम्मान करते हुए विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर स्वर्णिम काम किया। अब डा. राजीव बिंदल को आजादी मिल गई है और संगठन को मजबूत करने का काम मिल गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि संगठन से सरकार बनती है। सरकार को चलाने में कार्यकर्ता और संगठन का सहयोग जरूरी होता है। सरकार ने दो साल में कई अभूतपूर्व काम किए हैं।  विपक्ष के पास सरकार को घेरने का कोई मुद्दा नहीं है। लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल की, जिसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं को जाता है। पूरे देश मे जीत का अलग संदेश गया। यहां तक कि 69 प्रतिशत वोट शेयर लोकसभा चुनावों में बीजेपी को हिमाचल प्रदेश में मिला, जो देश का सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले चुनाव के लिए कार्य करने का काम शुरू हो गया है, जिसकी जिम्मेदारी डा. राजीव बिंदल को पार्टी ने सौंपी है। सरकार और संगठन दोनों को मिलकर 2022 के लिए काम करना है तथा 50 सीटें जीतकर 2022 में फिर से बीजेपी की सरकार बनानी है। पांच साल बाद सरकार बदलने का सिलसिला बदलना होगा और इस बार भाजपा इसे करके दिखाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवर्तमान बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी अपने कार्यकाल में संगठन को मजबूत करने का काम किया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

..जब मुख्यमंत्री कह  गए राजीव भारद्वाज

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की जुबान फिसल गई और डा. राजीव बिंदल को डा. राजीव भारद्वाज कह दिया। हालांकि उसी वक्त  वह अपने शब्दों में आए। मुख्यमंत्री कहने लगे कि संगठन में तीन-तीन डॉक्टर्स हैं, वे भी राजीव।

विरोधियों का भी होगा ट्रीटमेंट

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल अब विरोधी राजनीतिक दलों का भी इलाज करेंगे। डा. राजीव बिंदल के पास संगठन का अनुभव है। संगठन से ही सरकार बनती है। प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए डा. राजीव बिंदल ने भी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि नेतृत्व एक दिशा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम आपके साथ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App