नाहन में पलकों पर बिठाए राजीव बिंदल

By: Jan 23rd, 2020 12:22 am

नाहन  – हिमाचल प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल को भाजपा की बागडोर संभालने के बाद पहली बार बुधवार को सिरमौर जिला के प्रवेश द्वार कालाअंब से नाहन तक हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पलकों पर बिठाकर जोरदार स्वागत किया। डा. राजीव बिंदल के स्वागत में हरियाणा की सीमा कालाअंब से लेकर करीब 30 किलोमीटर की दूरी तक जिला मुख्यालय शहर तक करीब 60 स्वागत गेट बनाए गए थे, जहां पर भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ डा. बिंदल के स्वागत में प्रात 10 बजे से खड़े थे। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की बागडोर संभालने के बाद डा. बिंदल को सिरमौर के लोगों ने जोरदार स्वागत के माध्यम से उन्हें हरसंभव पार्टी के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। नाहन के विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. बिंदल बुधवार को जैसे ही सुबह करीब साढ़े 11 बजे औद्योगिक नगरी कालाअंब पहुंचे तो ढोल-नगाड़ों के साथ उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। फूलमालाओं से खुली जिप्सी में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष औद्योगिक नगरी कालाअंब से कछुए की चाल से हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच करीब तीन घंटे के 17 किलोमीटर के सफर के बाद जब नाहन पहुंचे तो नाहन शहर में दर्जनों स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। कालाअंब से नाहन मार्ग की ओर डा. बिंदल का काफिला आगे बढ़ रहा था तो भाजपा के विभिन्न संगठनों जिसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा व भाजपा के जिला व मंडल के पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ-साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। जगह-जगह पर फूलमालाओं व स्वागत गेट से डा. बिंदल का अभिनंदन कर रहे थे। डा. बिंदल के काफिले की अगवाई दोपहिया वाहन पर युवा कार्यकर्ता कर रहे थे। इस दौरान मोगीनंद, सैनवाला, नाहन दोसड़का, सब्जी मंडी से होते हुए डा. बिंदल का बस स्टैंड, कच्चा टैंक, रानीताल गेट, गुन्नूघाट, मालरोड व दिल्ली गेट पर भव्य स्वागत किया गया। डा. राजीव बिंदल शहर में कार्यकर्ताओं के जोश के बीच पैदल ही उनका अभिनंदन स्वीकार करने के लिए निकल पड़े। इस दौरान डा. राजीव बिंदल के साथ शिमला लोकसभा के सांसद सुरेश कश्यप, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, कृषि एवं विपणन बोर्ड के चेयरमैन बलदेव भंडारी, खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, एससी/एसटी निगम के पूर्व उपाध्यक्ष बलबीर चौहान के अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप राणा व जिला महासचिव राजेंद्र ठाकुर के अलावा सभी मंडलों के अध्यक्ष व जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी फूलमालाओं से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की अगवाई कर रहे थे। नाहन के हिंदू आश्रम में सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ता डा. राजीव बिंदल के स्वागत में आंखें बिछाकर खड़े थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के स्वागत केह्य लिए जहां सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कालाअंब से नाहन तक उनके स्वागत में खड़े थे तो वहीं नाहन शहर में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र बब्बी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने दिल्ली गेट पर डा. बिंदल का फूल मालाओं से स्वागत किया। कर्मचारी नेताओं में आकाश बिश्नोई, प्रीतम कौर, यासमीन शेख, शिशुपाल के अलावा जिला व मंडल इकाइयों के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से डा. बिंदल का स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App