नियुक्ति के समय से मिलें वरिष्ठता लाभ

अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने एसडीएम के जरिए मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

कांगड़ा – हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग के नेतृत्व में और जिलाध्यक्ष सुनील पराशर की अगवाई में एसडीएम कांगड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार उन्हें नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता प्रदान करें और उनके अनुबंधकाल के सेवा को कुल सेवाकाल में जोड़े। प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार 2008 और उसके बाद जिन कर्मचारियों की नियुक्ति भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार हुई है, उन्हें नियुक्ति की तिथि से ही वरिष्ठता दी जानी चाहिए, क्योंकि वह निर्धारित सेवा शर्तों के अनुसार नियुक्त हुए हैं। इस अवसर पर मौजूद सदस्यों ने सामूहिक बयान में कहा कि संगठन के पदाधिकारी  प्रदेश के कोने-कोने में वरिष्ठता की मांग को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के समक्ष प्रमुखता से उठा रहे है।  संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों को यह वरिष्ठता बिना किसी वित्तीय लाभ के चाहिए। इसके लिए कर्मचारी शपथ पत्र देने को तैयार हैं। संगठन  प्रदेश सरकार से यह मांग करता है कि प्रदेश की विभिन्न विभागों में कार्यरत अनुबंध और अनुबंध से नियमित कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता प्रदान की जाए और उनके अनुबंधकाल को कुल सेवाकाल में जोड़ने की मुख्यमंत्री पूर्ण राज्यत्व दिवस 25 जनवरी को घोषणा करें, ताकि समय रहते कर्मचारियों को लाभ मिल सके। इस अवसर पर राजकीय अध्यापक संघ ब्लॉक अध्यक्ष पंकज पुरी, विजय सैणी, बलबीर सिंह, राजेश अत्री, कपिल चौधरी, मनीषा, इंदु, रितु ओहरी, मोनिका, अरविंद, नरेंद्र सिंह, ससुधा शर्मा, अमित सैणी, कुलभूषण, वरजीत मनकोटिया, अश्वनी कुमार सरवन कुमार, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार व रमन आदि लगभग 50  सदस्य उपस्थित रहे।