नेहरू कुंड पुल को छह करोड़ 45 लाख मंजूर

मनाली –मनाली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की धनराशि का प्रावधान किया गया है। वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि नेहरू कुंड से बुरूआ-शनाग को जोड़ने के लिए 75 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा। इस पुल के लिए नावार्ड के माध्यम से छह करोड़ 45 लाख रुपए का बजट मंजूर किया गया है। उन्होंने बताया कि पनगां-लिगन-रियाड़ा-शांगचर सड़क के लिए भी नाबार्ड से पौने तीन करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मंत्री ने कहा कि दो वर्षों के दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों की योजनाएं मंजूर की गई हैं। इससे यह क्षेत्र एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित हो रहा है।  सीवरेज सुविधा से जोड़ने के लिए लगभग 163 करोड़ का बजट आवंटित करके प्रदेश सरकार ने मनालीवासियों को बहुत बड़ी सौगात दी है। रायसन-ब्यासर-भेखली-रामशिला सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 33 करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी। वन मंत्री ने बताया कि ग्राम पंचायत कराडसू के गांव खलटू में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए दो लाख रुपए, महिला मंडल तांदला के लिए दो लाख और बिष्टबेहड़ में भी सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ढाई लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इन भवनों के कार्य जल्द ही आरंभ कर दिए जाएंगे।