न मैं इसका खास हूं, न उसका…

By: Jan 18th, 2020 12:08 am

विधानसभा अध्यक्ष पद के लाव-लश्कर को छोड़ संगठन की कमान संभालने को तैयार डा. राजीव बिंदल ने आखिर यह दांव क्यों खेला? किसने सौंपा उन्हें संगठन का अहम दायित्व? किस बड़े नेता के खास हैं डा. बिंदल और क्या है उनकी अगली रणनीति? इन ढेर सारे सवालों के साथ ‘दिव्य हिमाचल’ के राज्य ब्यूरो प्रमुख मस्तराम डलैल ने भाजपा के नए अध्यक्ष से विस्तार से चर्चा की…

दिहिः विधानसभा के सर्वोच्च संवैधानिक पद को छोड़ संगठन संभालने की खास वजह क्या है?

डा. बिंदल : दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी, जिसने अटल-आडवाणी और मोदी जैसी शख्सियत दी हैं, उस पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष बनना मेरे जीवन के लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है। इसके लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व आदरणीय शांता व धूमल जी सभी का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।

दिहि : आप भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के खास माने जाते हैं। आपकी इस नई पारी में नड्डा से नजदीकियों का आपको कितना लाभ मिलेगा?

डा. बिंदल :  अक्रामक लहजे के साथ… मुझे किसी व्यक्ति विशेष से न जोड़ा जाए। न मैं इसका खास हूं न उसका… और न कोई मेरा खास है। मैं भाजपा का खास हूं और कमल चुनाव चिन्ह से जुड़ा हर आम कार्यकर्ता मेरा खास है। इस कारण व्यक्ति विशेष की परिभाषा मेरे जीवन में कोई मायने नहीं रखती।

दिहि : लेकिन… नड्डा जी राष्ट्रीय अध्यक्ष और डा. बिंदल प्रदेशाध्यक्ष।  क्या इसका आपको विशेष लाभ नहीं मिलेगा?

डा. बिंदल : हिमाचल जैसे छोटे राज्य से विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना हम सबके लिए गौरव का विषय है। आदरणीय नड्डा जी अपनी काबिलियत और कड़े परिश्रम के बूते संगठन के सर्वोच्च पद पर पहुंचे हैं। स्वभाविक रूप से उनके मार्गदर्शन का हमें लाभ मिलेगा।

दिहिः विधानसभा अध्यक्ष के बाद भाजपा अध्यक्ष। इस भूमिका को किस तरह देखते हैं?

डा. बिंदल : निःसंदेह! मुझे बहुत बड़ा दायित्व सौंपा है। उतनी ही बड़ी चुनौतियां मेरे सामने खड़ी हैं। मैं भाग्यशाली हूं कि सबसे अनुशासित पार्टी का मुझे बना-बनाया प्लेटफार्म मिला है। भाजपा इकलौती पार्टी है, जिसकी पकड़ बूथ लेवल तक है। इसे आगे बढ़ाने के लिए मुझे भाजपा से जुड़े हर कार्यकर्ता का सहयोग और पार्टी के शीर्ष नेताओं का मार्गदर्शन जरूरी है।

दिहि : सतपाल सत्ती के कार्यकाल का आप किस तरह मूल्यांकन करेंगे?

डा. बिंदल : सचमुच मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे एक योग्य व परिश्रमी भाजपा अध्यक्ष से पार्टी का प्रभार मिल रहा है। सतपाल सत्ती जी ने बहुत मेहनत कर संगठन को मजबूत किया है। मेरा प्रयास रहेगा कि इस गति को सूझबूझ से आगे बढ़ाया जाए।

दिहिः संगठन से रूठ कर घर बैठे कार्यकर्ताओं को मुख्य धारा में कैसे लाएंगे?

डा. बिंदल : केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में जिस तरह से प्रदेश के संगठन ने कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान दिया है, वह काबिलेतारीफ है। सरकार और संगठन में दोनों जगह वर्कर्ज को तरजीह दी गई है। बावजूद इसके कोई रूठा होगा तो उसे मनाया जाएगा।

दिहि : सरकार में ओहदा न मिलने पर कुछ वर्कर्ज ने भी दूरी बना ली है। इन्हें कैसे नजदीक लाएंगे?

डा. बिंदल : केंद्रीय नेतृत्व ने आम परिवार से जुड़े एक कर्मठ व ईमानदार व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद सौंपा है। दो साल में हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी सादगी व कड़े परिश्रम से सबका दिल जीता है। हिमाचल के हर वर्ग के लिए उन्होंने योजनाएं बनाई हैं। इस कारण मैं यह मान ही नहीं सकता कि कोई व्यक्ति जयराम सरकार से नाराज हो।

दिहि : सरकार और भाजपा के आम वर्कर्ज के लिए आपका पहला संदेश क्या है?

डा. बिंदल : हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री हिमाचल की इसी तरह सेवा करते रहें, यह सरकार के लिए संदेश है। रही बात भाजपा वर्कर्ज की तो पार्टी का आम कार्यकर्ता मेरे आंख-कान-नाक और बाजू हैं। उनकी ताकत से संगठन को आगे बढ़ाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App