पहाड़ की सियासी फिजाओं में नई हवाएं

By: Jan 17th, 2020 12:01 am

बिंदल की ताजपोशी के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और स्पीकर के लिए कसरत तेज

शिमला – डा. राजीव बिंदल की ताजपोशी के बाद हिमाचल में नए सियासी समीकरण बनने से प्रदेश की राजनीति की दिशा तय होगी। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार और नए विधानसभा अध्यक्ष की ताजपोशी की कवायद शुरू होगी। सियासी कयासों के बीच कोई भी मंत्री अध्यक्ष पद की कुर्सी पर बैठना नहीं चाहेगा। हालांकि शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल के नाम विधानसभा अध्यक्ष के लिए चर्चा में आ गए हैं। इन तीनों मंत्रियों से किसी एक को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने पर मंत्रिमंडल में तीन पद भरने की आस जगेगी। भारी चर्चाओं के बावजूद इतना तय है कि किसी भी मंत्री को ड्रॉप करना संभव नहीं है। क्षेत्रीय तथा जातीय समीकरणों के पाले में पल रहे मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर करना प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व दोनों के लिए मुश्किल है। ऐसे में सुरेश भारद्वाज, सरवीण चौधरी या डा. राजीव सहजल में से किसी एक को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस सूरत में मंत्रिपद के लिए सबसे प्रबल दावेदारी नुरपूर के विधायक राकेश पठानिया की है। वरिष्ठता तथा अनुभव के साथ राकेश पठानिया भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी बेहद करीबी हैं। कैबिनेट में जगह बनाने के लिए दूसरा सबसे मजबूत दावा अब सिरमौर का होगा। विधानसभा अध्यक्ष पद पर अगर किसी विधायक का राजतिलक होता है, तो पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी भी इसके प्रबल दावेदार हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि सुखराम चौधरी को विधानसभा अध्यक्ष या मंत्री पद मिलना करीब-करीब तय है। इसी तरह मंडी जिला में भी अध्यक्ष पद की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह का नाम भी विधानसभा अध्यक्ष के लिऐ चर्चा में है। कमोवेश यही फार्मूला शिमला जिला पर भी लागू हो सकता है। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज के विधानसभा अध्यक्ष बनने पर कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा मंत्री पद के प्रबल दावेदार बनकर उभर सकते हैं। हालांकि जयराम मंत्रिमंडल में जगह बनाने के लिए चंबा जिला के भटियात विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिक्रम जरयाल भी अपना दावा मजबूती से पेश कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App