पीडब्ल्यूडी को पांच करोड़ की करारी चपत

By: Jan 8th, 2020 12:20 am

चंबा-बेरहम बर्फबारी व बारिश ने लोक निर्माण विभाग को बीते 24 घंटों के दौरान जिला में करीब पांच करोड़ रुपए की चपत लगी है। बर्फबारी व बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के चंबा मंडल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बर्फबारी के कारण चंबा, तीसा व सलूणी, किलाड़ व डलहौजी में भी लोक निर्माण विभाग को नुकसान उठाना पड़ा है। बर्फबारी व बारिश के बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंडी हवाओं के बीच इन मार्गों पर यातायात बहाल करना विभाग के लिए चुनौती बनकर रह गया है। बर्फबारी व बारिश से हुए नुकसान की कंपाइल रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर बजट मांगा गया है। बजट की उपलब्धता के साथ ही बर्फबारी  व बारिश से मार्गो को हुए नुकसान की स्थायी भरपाई का काम आरंभ हो पाएगा। लोक निर्माण विभाग के एसई दिवाकर पठानियां ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार बर्फबारी व बारिश ने लोक निर्माण विभाग को खासा नुकसान पहुंचाया है। इससे जिला के कई मार्गों पर डंगे दरकने के अलावा भू-स्ख्लन का दौर आरंभ हो गया है। बर्फबारी  व बारिश से जिला के विभिन्न मंडलों में हुए नुकसान का आंकड़ा पांच करोड़ के आसपास बैठा है। बर्फबारी व बारिश के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान भरमौर मंडल में 70 लाख, चंबा मंडल में एक करोड़ बारह लाख, तीसा में 80 लाख, पांगी में एक करोड दस लाख, सलूणी में 92 लाख और डलहौजी मंडल में 39 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। बर्फबारी व बारिश से सबसे अधिक नुकसान चंबा मंडल को उठाना पड़ा है। चंबा मंडल में बर्फबारी  व बारिश से हुए नुकसान की भरपाई को लेकर काम भी आरंभ कर दिया गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसई दिवाकर पठानियां का कहना है कि बर्फबारी व बारिश से जिला के विभिन्न मंडलों में पांच करोड़ के नुकसान की रिपोर्ट मिली है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App