पुलिस भर्ती फर्जीबाड़ा मास्टरमाइंड ने किया सरेंडर

साढ़े चार महीने से खाकी को दौड़ाने के बाद खुद ही एसपी के पास पहुंचा आरोपी, अब कइयों की उतरेगी वर्दी

हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीबाड़े के मास्टरमाइंड आरोपी जवाली के विक्रम चौधरी ने आखिर पुलिस के पास आत्मसमपर्ण कर दिया है। विक्रम चौधरी शुक्रवार को दोपहर बाद स्वयं ही कांगड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन के पास सरेंडर करने पहुंच गए। अगस्त माह में हुए पुलिस भर्ती परीक्षा फर्जीबाड़े के बाद करीब साढ़े चार माह से विक्रम पुलिस को देश भर के कई राज्यों में दौड़ा रहा था। साढ़े चार माह में विक्रम ने अपने मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया, जिसके चलते वह पुलिस के लिए पहेली बने रहे। ऐसे में पुलिस को जहां भी सुराग लगते, वहां दबिश देती और आरोपी भाग निकलता। विक्रम को पकड़ते-पकड़ते पुलिस इस मामले में संलिप्त करीब 34 लोगों कों रिहासत में ले चुकी है। इसे मिलकर अब पुलिस की सूची 35 लोगों की हो गई है। कयास यह लगाए जा रहे हैं कि पुलिस भर्ती फर्जीबाड़े के मास्टरमाइंड के हत्थे चढ़ने के बाद अब कई खुलासे हो सकते हैं। इस बात को पुख्ता माना जा रहा है कि इससे पहले हुई पुलिस भर्तियों में भी विक्रम और उनके साथ शूटर बनकर कई लोगों को पुलिस परीक्षा पास करवाकर वर्दी पहना चुके हैं। अब उनकी वर्दी उतरने में भी देरी नहीं लगेगी। इतना ही नहीं, पुलिस के अलावा अन्य विभागों में शूटर बिठाकर नौकरी पाने वालों को भी घर बैठना पड़ सकता है। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान विक्रम और उनके साथियों ने कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक गजट का प्रयोग कर सबसे बड़े परीक्षा भर्ती फर्जीबाड़े को अंजाम दिया था। इस दौरान खुफिया विभाग सहित पुलिस ने इनकी शिनाख्त कर आरोपियों को परीक्षा में भी धर दबोच बड़ा खुलासा किया था, जिसके बाद लगातार पुलिस सहित अन्य एजेंसियां प्रदेश भर में होने वाले भर्ती परीक्षा फर्जीबाड़ों को लेकर अलर्ट हो गए हैं। गौरतलब है कि विक्रम के तार सीधे पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों के लोगों से जुड़े हुए पाए गए हैं और दबिश के दौरान भी इसे कई राज्यों के लोगों ने शरण देकर बचाने का प्रयास किया। इसके चलते आरोपी पिछले साढ़े चार माह से पुलिस को दौड़ाता रहा। इस मामले में विक्रम से पूर्व 34 लोगों को पुलिस हिरासत में ले चुकी है।

आज कोर्ट में पेश किया जाएगा शातिर

कांगड़ा जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने बताया कि अरोपी विक्रम चौधरी ने शुक्रवार को उनके कार्यालय में पहुंचकर सरेंडर किया है। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस के पास मामले से जुड़ी बहुत सारी जानकारियां हैं और इस गंभीर मामले से अन्य मामलों की भी तह तक जाने का प्रयास किया जाएगा।