प्रिंस हैरी-मेगन छोड़ेंगे शाही उपाधियां

By: Jan 20th, 2020 12:02 am

महारानी एलिजाबेथ ने समझौते पर लगाई मुहर, नहीं कर पाएंगे सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल

लंदन –प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ हुए समझौते के अनुसार शाही परिवार की वरिष्ठ सदस्यता छोड़ने के बाद शाही उपाधि ‘रायल हाइनेस’ और सार्वजनिक कोष का इस्तेमाल नहीं करेंगे। इस समझौते के तहत प्रिंस हैरी और मेगन कनाडा में अधिक निजी समय व्यतीत कर सकेंगे। बकिंघम पैलेस ने यह घोषणा की। इससे पहले प्रिंस हैरी और मेगन के शाही कर्त्तव्यों से अलग होने की आश्चर्यजनक घोषणा के बाद महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के साथ उनकी एक सप्ताह तक निजी वार्ताएं हुई थीं। इस समझौते का अर्थ यह हुआ कि हैरी और अमरीकी टीवी अभिनेत्री मेगन ‘रॉयल हाइनेस’ की उपाधियों का इस्तेमाल बंद कर देंगे। हैरी की दिवंगत मां प्रिंसेस डायना ने भी 1966 में प्रिंस चार्ल्स से तलाक के बाद यह उपाधि छोड़ दी थी। 93 वर्षीय महारानी ने एक बयान में कहा कि कई महीनों की बातचीत और हाल में हुई वार्ता के बाद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने मिलकर मेरे पोते और उसके परिवार के लिए एक रचनात्मक और सहयोगात्मक मार्ग खोज निकाला है। उन्होंने कहा कि उनके हर कदम पर पिछले दो साल से जिस तरह नजर रखी जा रही है, उसके परिणामस्वरूप उनके सामने आने वाली चुनौतियों को वह समझती हैं और एक अधिक स्वतंत्र जीवन जीने की उनकी इच्छा का समर्थन करती हैं। महारानी का इशारा उन घटनाओं की ओर था, जब हैरी एवं मेगन के निजी जीवन में ‘ताक झांक’ करने को लेकर दंपती ने अक्तूबर में कई समाचार पत्रों के खिलाफ मुकदमा किया था। हैरी और मेगन अभी तक ‘ड्यूक एवं डचेज ऑफ ससेक्स’ के तौर पर जाने जाते थे। महारानी ने कहा कि उन्होंने ‘खासकर मेगन पर गर्व है जो बहुत जल्द परिवार का हिस्सा बन गई’। उन्होंने दंपती को ‘खुशहाल एवं शांतिपूर्ण नए जीवन’ की शुभकामनाएं दीं। बकिंघम पैलेस ने एक अन्य बयान में कहा कि ड्यूक ऑफ ससेक्स हैरी और डचेस ऑफ ससेक्स मेगन ‘हिज रॉयल हाइनेस’ और ‘हर रॉयल हाइनेस’ की उपाधि का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App