फास्टैग से पेमेंट न होने पर पीटे ड्राइवर-यात्री

By: Jan 14th, 2020 12:30 am

सरकाघाट – टोल प्लाजा पर फास्ट टैग से पेमेंट न होने का खामियाजा हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम के चालक, परिचालक व यात्रियों को भुगतना पड़ा। दिल्ली से सरकाघाट आ रही वोल्वो बस के चालक, परिचालक व एक यात्री के साथ मूरथल टोल प्लाजा कर्मियों ने रविवार रात को मारपीट की। मूरथल टोल प्लाजा पर हुई यह घटना बिलासपुर डिपो की वोल्वो बस के कर्मियों के साथ पेश आई है। टोल प्लाजा कर्मियों ने जहां पहले बस के चालक व परिचालक के साथ मारपीट व बदतमीजी की, वहीं परिचालक का बैग भी छीन लिया। उन्होंने इस घटना का वीडियो बना रहे एक यात्री को भी नहीं बख्शा। कर्मियों ने यात्री के साथ भी मारपीट की और उसका फोन छीन कर वीडियो भी डिलीट करवा दिया। इस मामले में अब निगम के अधिकारी टोल प्लाजा कर्मियों के खिलाफ स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार रविवार रात्रि बस जैसे ही इस मार्ग पर पड़ने वाले पहले टोल प्लाजा मूरथल की फास्टैग लेन से गुजरने लगी तो प्लाजा कर्मियों ने फास्टैग में पैसा न हो ने की बात कही। इसको लेकर करीब आधे घंटे तक दोनों और से तकरार होती रही। इस बीच टोल प्लाजा कर्मियों ने परिचालक की पिटाई भी कर दी। यही नहीं, इस घटना का वीडियो बना रहे एक यात्री को भी कर्मियों ने पीट डाला। उधर, बिलासपुर डिपो के आरएम पवन कुमार शर्मा ने बताया कि टोल प्लाजा पर निगम कर्मियों के साथ यह सब हुआ है। फास्टैग पेमेंट के लिए एक लाख रुपए बैंक में जमा किए गए थे, लेकिन सर्वर में दिक्कत होने के कारण पैसे ट्रांसफर नहीं हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App