बर्फबारी-बारिश ने रोकी जिंदगी की रफ्तार, प्रदेश की 493 सड़कें बंद

By: Jan 7th, 2020 7:33 pm

छितकुल में सबसे अधिक दो फीट बर्फ रिकार्ड

लाहौल-स्पीति, किन्नौर, ऊपरी शिमला शेष विश्व से कटा

शिमला –पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश ने राज्य में जिंदगी की रफ्तार रोक दी। हालांकि बर्फबारी राजधानी शिमला में नहीं हुई, लेकिन यहां जनवरी के महीने में भी बारिश का सिलसिला जारी है। जनजातीय जिला किन्नौर, लाहौल-स्पीति और पांगी में जमकर हिमपात हुआ। ऊपरी शिमला भी बर्फबारी से समूचा क्षेत्र शेष विश्व से कट चुका है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला किन्नौर के छितकुल में सबसे अधिक दो फुट बर्फ रिकार्ड किया गया। जबकि कल्पा में सात इंच, सांगला नौ इंच, पूह और निचार में पांच-पांच इंच बर्फ रिकार्ड किया गया। इसी तरह से लाहौल-स्पीति के केलांग में पांच इंच, सीसू में नौ इंच बर्फ पड़ी। इसी तरह से जिला शिमला के खिड़की में भी एक फुट बर्फ रिकार्ड किया गया। डलहौजी में तीन इंच, भरमौर में चार इंच और पांगी में छह इंच बर्फ पड़ी। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। लगातार बारिश और बर्फबारी से प्रदेश की 493 सड़कें बंद हो गई हैं। ऊपरी शिमला के लिए राजधानी से आवाजाही बंद है। लाहौल-स्पीति के लिए सड़क पूरी तरह से बंद हैं। नारकंडा, कुफरी, ठियोग सड़क मार्ग बंद होने से रामपुर के लिए बसें वाया बसंतपुर से होकर चलाई गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लाहौल-स्पीति और किन्नौर में बिजली पूरी तरह से बाधित हो चुकी है। किलाड़ में भी पिछले 12 घंटे से बिजली गुल हो चुकी है।

कल से दो दिन साफ रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश में बुधवार को मौसम खराब रहेगा, जबकि गुरुवार और शुक्रवार को दो दिनों तक साफ रहेगा। ऐसे में लोगों को हल्की राहत भी मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को भले ही कोई चेतावनी नहीं हैं, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश होगी।

7259 लाख का हुआ नुकसान

अब तक हुई बर्फबारी औा बारिश से प्रदेश के राजस्व को 7259.34 लाख का नुकसान हुआ है। इसमें सबसे अधिक पीडब्ल्यूडी जोन शिमला में 659, मंडी जोन 647 और कांगड़ा जोन में 5664 लाख का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस दौरान आईपीएच में लाखें की स्कीम प्रभावित हुई है। बिजली बोर्ड को भी लाखों का नुकसान हुआ है।

कहां कितना रहा तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    5.0        -0.1

सुंदरनगर  9.7        6.3

भुंतर       6.6        4.0

कल्पा     0.6        -3.4

धर्मशाला   7.4        3.2

ऊना       12.7       9.0

नाहन      10.2       9.2

सोलन     10.0       5.5

कांगड़ा    10.6       7.6

बिलासपुर 11.5       8.5

हमीरपुर    11.3       8.7

चंबा       8.2        6.0

डलहौजी  0.5        -0.9

केलांग     -1.4       -7.0

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App