बर्फबारी…सोलंगनाला में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब

By: Jan 18th, 2020 12:20 am

जगह-जगह लगा ट्रैफिक जाम, फातरु व अंजनी महादेव में गिरे बर्फ  के फाहे

मनाली –सर्दियों में सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल सोलंगनाला में शुक्रवार को सैलानियों का मेला लग गया। सोलंगनाला में बर्फ  का दीदार कर सैलानी उत्साहित हो उठे। यहां के अंजनी महादेव व फातरु पर्यटन स्थल में सैलानियों ने आसमान से गिरते बर्फ के फाहों का आनंद उठाया। सैलानियों ने शुक्रवार को घुड़सवारी कर यहां की वादियों का आनंद लिया। सैलानियों की आमद बढ़ने से मनाली के सभी होटलों में रौनक बढ़ गई है। क्रिसमस और न्यू ईयर से लेकर अब तक मनाली के अधिकतर होटलों में काम अच्छा चल रहा हैं। पर्यटन स्थलों में कोट-बूट सहित सैलानियों को कुल्लवी परिधान उपलब्ध करवाने वाली घाटी की महिलाएं भी सैलानियों की आमद बढ़ने से खुश है। महिला कारोबारी रेशमा और दीपा ने बताया कि सैलानियों की आमद बढ़ने से उनके कारोबार में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि कुल्लवी परिधान में फोटोग्राफी करना सैलानियों की पहल पसंद बनी हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सोलंगनाला में सैकड़ों की संख्या में दस्तक दी और बर्फबारी का आनंद उठाया। स्नो स्कूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष भूमि चंद ने बताया कि बर्फ बारी के बाद सोलांग पहुंचने से उनका भी कारोबार चल पड़ा है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन सैलानियों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रही है। होटल संचालक सुशीलए बंसी और रवि ब्यास ने बताया कि ताजा बर्फबारी के बाद से सैलानियों का मेला लगा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लगातार हो रही बर्फबारी से पर्यटन कारोबार ओर गति पकड़ेगा। पर्यटन निगम के डीजीएम अनिल तजेना ने बताया कि बर्फबारी सभी के लिए बेहतर रही है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि पर्यटन स्थलों में सैलनियों को यथासंभव सुविधाए उपलव्ध करवाई जा रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App