बर्फीले रास्ते पार कर घर-घर पहुंची आंगनबाड़ी वर्कर्ज

By: Jan 21st, 2020 12:22 am

माइनस दो डिग्री में बर्फ पर पैदल चलकर नौनिहालों को पिलाई पोलियो की खुराक

नौहराधार –देश भर में 19 जनवरी से पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। सिरमौर जिला के गिरिपार क्षेत्र में भी यह अभियान जोरों से चल रहा है। गिरिपार क्षेत्र के ऊंचाई वाले कई इलाकों में इन दिनों बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है।  ऐसे में इस अभियान को सफल बनाना स्वास्थ्य विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इस कार्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अहम भूमिका अदा कर रही हैं। रविवार को जहां स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 84 बूथों पर पांच वर्ष से कम आयु के 5420 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। वहीं सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए बर्फ पर पैदल चलकर घर-घर पहुंची। सुबह जब महिलाओं ने खराब मौसम में गांव की ओर जाना शुरू किया था तो उस समय क्षेत्र का तापमान माइनस दो डिग्री से नीचे चला गया था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दो से तीन किमी बर्फ पर पैदल चलकर लोगों के घर-घर पहुंची और जो बच्चे बूथ पर नहीं आ सके थे उन्हें घर में जाकर ही पोलियो की खुराक पिलाई। सोमवार को घर-घर जाकर लगभग 250 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App