बिंदल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

By: Jan 19th, 2020 12:12 am

आठ साल बाद बदला हिमाचल प्रदेश का सरदार

शिमला –डा. राजीव बिंदल हिमाचल भाजपा के मुखिया बन गए हैं। शनिवार को औपचारिक चुनावी प्रक्रिया के बाद डा. बिंदल भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। संगठनात्मक चुनावी प्रक्रिया के मुताबिक आठ साल बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर नई ताजपोशी हुई। केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव पर्यवेक्षक रमेश पोखरियाल निशंक ने प्रमाण पत्र देकर औपचारिक घोषणा की। इसके साथ चार नेताओं को राष्ट्रीय परिषद के लिए चुना गया, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में भूमिका निभाएंगे। विधायक राकेश जम्वाल, रीटा धीमान, राजेंद्र गर्ग और सुखराम चौधरी को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय परिषद के सदस्य नियुक्त किए। राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के लिए इन चार नेताओं ने ही नामांकन किया था। शनिवार को पीटरहॉफ में प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी के लिए कार्यक्रम शुरू हुआ, तो सुबह से ही यहां कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। संगठनात्मक चुनाव के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद राम स्वरूप शर्मा ने चुनावी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्हांने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन आया और सर्वसम्मति से डा. राजीव बिंदल को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। ऐसे में डा. राजीव बिंदल प्रदेश भाजपा के 13वें अध्यक्ष बने। अब वह नई जिम्मेदारी के साथ संगठन को और मजबूत करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करेंगे। गौरतलब है कि डा. राजीव बिंदल पिछले दो वर्षों से प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष के पद पर रहे, जिन्होंने 16 जनवरी को पद से इस्तीफा दिया और शनिवार को संगठन की कमान संभाली। 20 लाख 90 हजार हुए भाजपा सदस्यः भाजपा संगठनात्मक चुनाव के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि पिछले साल संगठनात्मक चुनावी प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू हुई थी। उससे पहले सदस्यता अभियान श्ुरू किया गया। उन्हांने कहा कि पूर्व में भाजपा के 13 लाख 41 हजार 168 सदस्य थे, जो अब बढ़कर 20 लाख 90 हजार 238 हो चुके हैं। राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि पिछले साल 11 से 31 सितंबर तक 7723 बूथ के चुनाव हुए, 11 से 31 अक्तूबर तक 73 मंडलों के चुनाव, 11 से 30 नवंबर तक सभी 17 संगठनात्मक जिलों के लिए चुनाव हुए। अब 17 और 18 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई।

अब तक के बीजेपी अध्यक्ष

अध्यक्ष                    कार्यकाल

गंगा सिंह ठाकुर       1980 से 1984

नगीन चंद्र पाल        1984 से 1986

शांता कुमार           1986 से 1990

महेश्वर सिंह           1990 से 1993

प्रेम कुमार धूमल       1993 से 1995

प्रेम कुमार धूमल       1995 से 1998

सुरेश चंदेल           1998 से 2000

जय कृष्ण शर्मा        2000 से 2003

सुरेश भारद्वाज         2003 से 2007

जयराम ठाकुर         2007 से 2009

खीमीराम शर्मा         2009 से 2012

सतपाल सत्ती          2012 से 2020

डा. राजीव बिंदल     2020 से शुरू


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App