बीजेपी बॉस का मंत्र, चार ‘स’ से संगठन को सींचेंगे

By: Jan 19th, 2020 12:04 am

भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष बोले, 2022 में नहीं हरा पाएगा कोई भी विरोधी दल

शिमला-प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल का एक ही मंत्र है, सिर्फ संगठन। केंद्रीय एवं प्रदेश के नेताओं सहित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे चार ‘स’ से ही संगठन को सींचेंगे। पहला सेवार्थ, यानी गरीब, किसान और असहाय लोगों के साथ-साथ संगठन की बेहतरीन सेवा करेंगे। दूसरा समर्पण, समय के महत्त्व को देखते हुए अधिक से अधिक समय संगठन के लिए देना। तीसरा समन्वय, यानी प्रदेश की जनता के साथ समन्वय बनाते हुए संगठन को ऊंचाइयों पर पहुंचाना। इसके साथ-साथ संगठन के सभी मोर्चों के साथ समन्वय स्थापित करना है। चौथा समरसता, यानी संगठन की हरेक गतिविधियों को सफल बनाने के लिए डा. राजीव बिंदल समरसता के साथ काम करेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान मिलते ही डा. राजीव बिंदल ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि अगले 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कोई भी विरोधी राजनीतिक दल भाजपा को हरा नहीं पाएगा। डा. बिंदल ने मंच से ऐलान भी किया कि वे हर चुनौतियों को सामना करते हुए बूथ स्त से लेकर सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव के लिए हमें अभी से ही तैयारियों में जुटना पडे़गा। डा. बिंदल ने कहा कि सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में पार्टी ने अब तक जितने भी चुनाव जीती है, उसे बरकरार रखते हुए आने वाले दिनों में होने वाले सभी चुनावों में भी जीत दर्ज करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि सतपाल सिंह सत्ती ने मुझे अध्यक्ष पद हैंडओवर किया है। उनके कार्यों को आगे बढ़ाना मेरा दायित्व है। उन्होंने कहा कि इसी साल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव होने हैं। इसके लिए हम सब एकजुट होकर संगठन के लिए काम करेंगे। जिस तरह सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में संगठन की मजबूती हुई, उसी ऊर्जा को बढ़ाते हुए काम करेंगे। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आशीर्वाद मिलता रहेगा और संगठन को और भी मजबूति मिलेगी।

ज्यादा नहीं बोलूंगा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दो साल के अंदर जो भी उपलब्धियां हुई हैं, उसे पूरा प्रदेश जानता है। ऐसी उपलब्धियों पर मैं अधिक बोलूंगा, तो सूरज को दीये दिखाना जैसा होगा। यानी दो साल के इस कार्यकाल में जयराम ठाकुर सबको साथ लेकर चले और पूरे प्रदेश का विकास करते आ रहे हैं।

प्रचंड ठंड में भी उमड़ी भीड़

शिमला का मौसम और प्रचंड ठंड में भी भीड़ जुटाने में डा. राजीव बिंदल कामयाब दिखे। पीटरहॉफ में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। यहां तक कि ताजपोशी के लिए कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पीटरहॉफ का दरबार हॉल पूरी तरह भर चुका था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App