बैडमिंटन में योगदान पर राजेंद्र शर्मा को सम्मान

By: Jan 14th, 2020 12:06 am

हमीरपुर – हिमाचल प्रदेश में बैडमिंटन खेल को पूरे प्रदेश में लोकप्रिय बनाने तथा इस खेल की गतिविधियों के विस्तार के लिए चंडीगढ़ में प्रदेश बैडमिंटन संघ के महासचिव तथा भारतीय बैडमिंटन संघ के संयुक्त सचिव राजेंद्र शर्मा को चंडीगढ़ बैडमिंटन संघ ने सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान केंद्रीय वित्त और कारपोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद राजेंद्र शर्मा ने कहा कि कारपोरेट सेकेटर सरकार तथा गैर सरकारी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से वह प्रदेश में इस खेल को और प्रभावी ढंग से हर यूथ तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में हिमाचल बैडमिंटन लीग के साथ-साथ अंडर-12 बैडमिंटन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रस्तावित की गई हैं। वर्ष, 2020 में पूरे प्रदेश में खेल के साथ युवाओं को ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक करके फिट इंडिया अभियान को बल दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ का प्रयास न केवल इस खेल को खिलाडि़यों में प्रतियोगिता करवाकर तथा प्रशिक्षण लगाकर इनके खेल में निखार लाना है, बल्कि खिलाडि़यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन करने के काबिल बनाया जाएगा। प्रदेश के यूथ को स्वस्थ बनाकर प्रदेश के लिए स्वस्थ युवा तैयार करना है। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि पड़ोसी राज्यों की तरह अब हिमाचल प्रदेश में भी स्पोर्ट्स अकादमी संस्कृति विकसित होने लगी है, जिसके कारण बेसिक खेल प्रशिक्षण छात्रों को मिलना शुरू हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App