भाजपा में ओहदों की जंग

By: Jan 17th, 2020 12:03 am

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री बोले, मुख्यमंत्री दिख रहे बेबस

ऊना – भाजपा का संगठन व सरकार ओहदों के दंगल में उलझ कर रह गया है। यह बात प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि ओहदों कि ऐसी जंग भाजपा में चल रही है, जो खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि हालत यह है कि कुछ लोग ओहदों से खुश नहीं है और वह त्यागपत्र दे रहे हैं, तो कुछ लोग ओहदों के लिए जोर आजमाइश करने में लगे हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हालांकि यह भारतीय जनता पार्टी का अंदरूनी मसला है, इससे हमें कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन आज प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा के नेताओं को यह समझना होगा कि जब कांग्रेस पर टिप्पणी करते हैं, तो उन्हें अपनी ओर उठ रही अंगुलियां भी देखनी चाहिएं। यदि मुख्यमंत्री पैनल में भेजे गए नामों में से अपने किसी खास को प्रदेशाध्यक्ष नहीं बना पाए हैं और उनके पैनल को ही पार्टी हाइकमान ने रद्द कर दिया है, तो समझा जा सकता है कि मुख्यमंत्री किस प्रकार से बेबस हैं और हाइकमान में उनकी क्या पकड़ है? नए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर आने वाले डा. राजीव बिंदल ने विधानसभा अध्यक्ष का पद त्यागा है, शायद वह उस पद पर घुटन महसूस कर रहे थे। श्री अग्निहोत्री ने भाजपा की अंदरूनी लड़ाई पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह सरकार व पार्टी अब रद्द होने वाली है, क्योंकि इनके पैनल रद्द होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पर कर्जा बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री फिजूलखर्ची करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार इवेंट मैनेजमेंट से ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार के पास कोई नीति नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App