भारत में लोकतंत्र की स्थिति 13 साल के निचले स्तर पर

By: Jan 23rd, 2020 12:12 am

कश्मीर-नागरिकता कानून के चलते डेमोक्रेसी इंडेक्स में 10 स्थान नीचे आया भारत

नई दिल्ली – लोकतंत्र सूचकांक की वैश्विक सूची में भारत 10 स्थान नीचे लुढ़क कर 51वें स्थान पर आ गया है। दि इकॉनोमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट (ईआईयू) ने 2019 के लिए जारी डेमोक्रेसी इंडेक्स में भारत को त्रुटिपूर्ण लोकतंत्र बताया है। संस्था ने दावा किया है कि भारत में नागरिक स्वतंत्रता में गिरावट आई है। सूची के मुताबिक भारत के कुल अंक 2018 में 7.23 थे, जो अब घटकर 6.90 रह गए हैं।  2019 में भारत का डेमोक्रेसी स्कोर 6.9 रहा, जो 13 साल में सबसे निचले स्तर पर है। यह वैश्विक सूची 165 स्वतंत्र देशों और दो क्षेत्रों में लोकतंत्र की मौजूदा स्थिति का एक खाका पेश करती है। रिपोर्ट में भारत के बारे में कहा गया कि यह लोकतंत्र सूचकांक की वैश्विक रैंकिंग में 10 स्थान गिरकर अभी 51वें पायदान पर है। लोकतांत्रिक सूची में यह गिरावट देश में नागरिक स्वतंत्रता के हृस के कारण आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और नागरिकता संशोधन कानून लागू करने की वजह से भारत के डेमोक्रेसी स्कोर में गिरावट आई है।  गौरतलब है कि दि इकॉनोमिस्ट ने 2006 में डेमोक्रेसी इंडेक्स जारी करना शुरू किया था। तब से अब तक 13 साल में यह भारत का सबसे कम डेमोक्रेसी स्कोर है। 2014 में यह सबसे ज्यादा 7.92 था।  यह सूचकांक पांच श्रेणियों पर आधारित है-चुनाव प्रक्रिया और बहुलतावाद, सरकार का कामकाज, राजनीतिक भागीदारी, राजनीतिक संस्कृति और नागरिक स्वतंत्रता। डेमोक्रेसी इंडेक्स के पांच मानकों के आधार पर देखा जाए तो 2019 भारत के लिए बेहद उथल-पुथल भरा साल रहा। भाजपा सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा लिया। नागरिकता संशोधन कानून लागू किया। सरकार के इन ऐतिहासिक फैसलों ने राजनीतिक टकराव पैदा किया। सीएए को पूरे देश में भेदभाव भरे कानून के तौर पर देखा गया। इन सबका असर 2019 में भारत में सामाजिक स्वतंत्रता और उसकी लोकतांत्रिक स्थिति पर पड़ा।

भारत को बताया त्रुटिपूर्ण लोकतंत्र

डेमोक्रेसी इंडेक्स में कुल अंकों के आधार पर देशों को चार प्रकार के शासन में वर्गीकृत किया जाता है। पूर्ण लोकतंत्र (आठ से ज्यादा अंक हासिल करने वाले) त्रुटिपूर्ण लोकतंत्र (छह से ज्यादा, लेकिन आठ से कम अंक) संकर शासन (चार से ज्यादा, लेकिन छह से कम) और सत्तावादी शासन (चार या उससे कम अंक वाले)। भारत को त्रुटिपूर्ण लोकतंत्र में शामिल किया गया है।

सबसे निचले पायदान के करीब चीन

इस बीच चीन 2019 में गिरकर 2.26 अंकों के साथ अब 153वें पायदान पर है। यह वैश्विक रैंकिंग में निचले पायदान के करीब है। उभरती हुई दूसरी अर्थव्यवस्थाओं में ब्राजील 6.86 अंक के साथ 52वें पायदान पर है। रूस 3.11 अंक के साथ सूची में 134वें स्थान पर है। इस बीच पाकिस्तान कुल 4.25 अंकों के साथ सूची में 108वें स्थान पर है। श्रीलंका 6.27 अंकों के साथ 69वें और बांग्लादेश 5.88 अंकों के साथ 80वें स्थान पर है। नार्वे इस सूची में शीर्ष पर है, जबकि उत्तर कोरिया 167वें स्थान के साथ सबसे नीचे है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App